Vistaar NEWS

Mauganj: आधी रात में डिवाइडर से टकराई नशीली कफ सिरप से लदी स्कॉर्पियो, 8 लाख की खेप जब्त, तस्कर फरार

Consignment of intoxicating cough syrup seized in Mauganj

मऊगंज में नशीले कफ सिरप की खेप जब्त

Mauganj News: मऊगंज जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मऊगंज पुलिस ने देर रात एक बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 8 लाख रुपये कीमत की अवैध नशीली कफ सिरप की खेप जब्त की. हाईवे पर पुलिस और तस्करों के बीच कई किलोमीटर तक फिल्मी अंदाज में पीछा चला. आखिरकार तेज रफ्तार स्कॉर्पियो डिवाइडर से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई. हालांकि हादसे का फायदा उठाकर तस्कर अंधेरे का लाभ लेकर फरार हो गए. पुलिस ने मौके से स्कॉर्पियो और उसमें लदी नशीली कफ सिरप की खेप जब्त कर ली.

मुखबिर की सूचना पर हाईवे पर बिछाया जाल

पुलिस के अनुसार, देर रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि स्कॉर्पियो क्रमांक MP-53-CA-0841 उत्तर प्रदेश की ओर से सीधी की तरफ जा रही है. सूचना थी कि वाहन में भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली कफ सिरप लोड है. मऊगंज थाना पुलिस ने हाईवे पर घेराबंदी कर वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने वाहन रोकने के बजाय उसकी रफ्तार बढ़ा दी और भागने लगा.

कई किलोमीटर तक चला फिल्मी पीछा

वाहन को रोकने के लिए पुलिस ने पीछा शुरू किया. हाईवे पर तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और पुलिस के बीच कई किलोमीटर तक पीछा चलता रहा. इसी दौरान चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और स्कॉर्पियो डिवाइडर से टकरा गई. दुर्घटना के बाद वाहन में सवार आरोपी मौके से भाग निकले.

6 बोरों से मिली 1645 सीसी नशीली कफ सिरप

दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो की तलाशी लेने पर पुलिस को उसमें रखे 6 बोरों से कुल 1645 सीसी अवैध नशीली कफ सिरप बरामद हुई. प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक जब्त कफ सिरप और वाहन की कुल कीमत करीब 8 लाख रुपये आंकी गई है. पुलिस ने पूरे माल को जब्त कर मामला दर्ज कर लिया है.

तस्करी नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस अब स्कॉर्पियो के मालिक, फरार आरोपियों और इस पूरे तस्करी नेटवर्क की जांच में जुट गई है. संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है तथा वाहन के रजिस्ट्रेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरे गिरोह का खुलासा किया जाएगा.

अंतरराज्यीय नेटवर्क की आशंका

प्रारंभिक जांच में मामला अंतरराज्यीय तस्करी से जुड़ा होने की आशंका जताई जा रही है. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि नशीली कफ सिरप की खेप कहां से लाई गई थी और इसका अंतिम गंतव्य कौन-सा क्षेत्र था. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस अवैध कारोबार में कितने लोग शामिल हैं.

नशे के खिलाफ पुलिस की बड़ी सफलता

मऊगंज पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है. हालांकि फरार तस्करों का पुलिस के हाथ नहीं लगना चुनौती बना हुआ है. पुलिस का दावा है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पूरे नेटवर्क का खुलासा होगा और इस अवैध कारोबार से जुड़े सभी लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

ये भी पढे़ं- मऊगंज: ‘मौत के बाद भी बच्चों को पढ़ाऊंगा’, रिटायर्ड शिक्षक ने लिया देहदान संकल्प, अंतिम इच्छा की जाहिर

Exit mobile version