Maihar Mukundpur White Tiger Safari: मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्से में मानसून मेहरबान है. मैहर, सतना और आसपास के इलाकों में जोरदार बारिश का दौर जारी है. नदी-नाले उफान पर हैं. बीहर का जलस्तर बढ़ गया है, इस वजह से जगह-जगह जलभराव देखने को मिल रहा है. मुकुंदपुर स्थित महाराजा मार्तण्ड सिंह जूदेव व्हाइट टाइगर सफारी एवं जू को पर्यटकों के लिए 4 सितंबर तक बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं.
बाढ़ से रास्ते हुए जलमग्न
कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी ने वन्यजीवों और पर्यटकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए संबंधित अधिकारियों को सफारी बंद रखने के निर्देश दिए हैं. कलेक्टर ने बताया कि लगातार बारिश के कारण मुरूजुआ और भवरा नाला सहित कई पर्यटन मार्गों पर पानी भर गया है और बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं. ऐसे में पर्यटकों की सुरक्षा के साथ वन्यप्राणियों की सुरक्षा भी महत्वपूर्ण है. स्थिति सामान्य होने के बाद सफारी को पुनः खोलने का निर्णय लिया जाएगा.
वन्य प्राणी सुरक्षित
वन्य प्राणियों और पर्यटकों की सुरक्षा को देखते हुए ये निर्णय लिया गया है. सफारी में पानी भर जाने के बावजूद किसी भी वन्य प्राणियों को नुकसान नहीं पहुंचा है. जू प्रबंधन की ओर से लगातार निगरानी की जा रही है. इसके साथ ही मौसम की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है. पूरे घटनाक्रम की समीक्षा की जा रही है. सबकुछ ठीक रहा तो जल्द ही सफारी को आम लोगों और पर्यटकों के लिए खोल दिया जाएगा.
ये भी पढ़ें: Rewa: नहर ने रास्ता रोका तो बीमार बच्चे को पोटली में बांधा, 3KM चलकर ग्रामीणों ने अस्पताल पहुंचाया
मौसम विभाग ने फ्लैश फ्लड की चेतावनी दी
मौसम विभाग ने पूर्वी मध्य प्रदेश के लिए चेतावनी जारी की है. मैहर, सतना, रीवा, मऊगंज और सीधी समेत दूसरे जिलों में फ्लैश फ्लड की चेतावनी दी है. आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है. इसके साथ ही 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है. आम लोगों से सावधान रहने की अपील की गई है.
