Vistaar NEWS

Mauganj में चलती बस में लगी आग, तमरी से मनिकवार जा रही बस धू-धू कर जली

mauganj

मऊगंज

Mauganj News: मध्यप्रदेश के मऊगंज जिले के देवतालाब क्षेत्र में रविवार को एक चलती बस में अचानक भीषण आग लग गई. आग लगते ही बस में अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते पूरी बस आग की लपटों में घिर गई. हादसा देवतालाब स्थित बिजली ऑफिस के पास हुआ, जब प्रताप ट्रेवल्स की बस तमरी से मनिकवार की ओर जा रही थी।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस जैसे ही बिजली ऑफिस के पास पहुंची, उसमें से अचानक धुआं निकलने लगा.

जान बचाकर कर बाहर निकला ड्राइवर

कुछ ही सेकंड में आग की लपटें उठने लगीं और पूरी बस में फैल गईं. आग इतनी तेज थी कि आसपास के लोग भी सहम गए. घटना के समय सड़क पर मौजूद लोगों ने तुरंत ड्राइवर को आवाज लगाई, जिसके बाद ड्राइवर और कंडक्टर ने सूझबूझ दिखाते हुए बस को किनारे रोका और जान बचाकर बाहर निकल आए.

बड़ा हादसा टला

गनीमत की बात यह रही कि हादसे के वक्त बस में कोई यात्री सवार नहीं था. बस में सिर्फ ड्राइवर और कंडक्टर ही मौजूद थे. अगर बस भरी होती तो यह हादसा बड़े नुकसान में बदल सकता था. आग की चपेट में आने से बस की कई सीटें, अंदरूनी हिस्सा और सामान पूरी तरह जलकर खाक हो गया.

मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि आग लगने के बाद बस से लगातार धुआं उठ रहा था और लपटें काफी दूर से दिखाई दे रही थीं. लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी. सूचना मिलते ही देवतालाब पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ट्रैफिक को नियंत्रित करते हुए लोगों को सुरक्षित दूरी पर किया. पुलिस की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया. प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है.

शॉर्ट सर्किट की आशंका

माना जा रहा है कि बस के वायरिंग में शॉर्ट सर्किट होने से आग भड़की और धीरे-धीरे पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया. हालांकि, आग लगने के सही कारणों का पता जांच के बाद ही चलेगा. पुलिस ने घटना की जानकारी जुटाना शुरू कर दिया है और बस मालिक से भी पूछताछ की जा रही है.इस हादसे में किसी के हताहत होने या घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन बस पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है.

Exit mobile version