Mauganj: श्रावण मास शुरू होते ही मध्यप्रदेश के मऊगंज जिले के ऐतिहासिक देवतालाब शिव मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है. जिला मुख्यालय से करीब 15 किलोमीटर दूर रीवा रोड पर स्थित यह प्राचीन शिवधाम जिले की पहचान माना जाता है. यहां मध्य प्रदेश सहित आसपास के कई जिलों से हजारों हजार श्रद्धालु रोजाना भगवान भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं.मान्यता है कि देवतालाब शिव मंदिर का निर्माण भगवान विश्वकर्मा ने एक रात में एक ही पत्थर से किया था, जिसके कारण इस मंदिर की धार्मिक आस्था और भी बढ़ जाती है.
श्रावण में भोले के दरबार में लगेगा भक्तों का मेला
भगवान शिव की आराधना के सबसे पावन महीने श्रावण में देवतालाब मंदिर में हर दिन श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ने की संभावना है. सुबह की पहली किरण के साथ ही मंदिर परिसर हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठेगा. हाथों में जल और मन में भोलेनाथ के दर्शन की आस लिए हजारों श्रद्धालु मंदिर पहुंचेंगे. प्रशासन ने भी संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारी की है.
60 से ज्यादा पुलिसकर्मी तीन शिफ्टों में तैनात, दो पेट्रोलिंग टीम संभालेंगी मोर्चा
श्रावण मास में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस विभाग ने व्यापक इंतजाम किए हैं. मंदिर परिसर में 60 से अधिक पुलिसकर्मियों की तीन शिफ्टों में ड्यूटी लगाई गई है. इसके अलावा दो पेट्रोलिंग टीमें लगातार मंदिर क्षेत्र में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखेंगी. मंदिर के मुख्य गेट, शिव कुंड की सीढ़ियों, मुख्य वापसी गेट और अन्य संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया गया है.
सीसीटीवी निगरानी और वीआईपी दर्शन की व्यवस्था
श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए मंदिर परिसर में कैमरे लगाए गए हैं. भीड़ नियंत्रण के लिए बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई है. वहीं मंदिर में वीआईपी दर्शन की सुविधा भी बनाई गई है, जिससे विशेष श्रद्धालुओं के लिए अलग व्यवस्था रहेगी और आम श्रद्धालुओं को भी सुगमता से दर्शन मिल सके.
पार्किंग और यातायात व्यवस्था पर प्रशासन की नजर
भारी भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था के लिए विशेष प्लान तैयार किया गया है. भोलरा क्षेत्र में डायवर्सन व्यवस्था, स्टेडियम ग्राउंड में मुख्य पार्किंग, थाना तिराहा, खटखरिहा तालाब, गनिगवा सहित अन्य स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है. नईगढ़ी मुख्य मार्ग पर ट्रैफिक नियंत्रण और भीड़ प्रबंधन के लिए पुलिस बल तैनात रहेगा.
व्यवस्था के दावों के बीच सफाई व्यवस्था बनी बड़ी चुनौती
जहां एक ओर प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी तरह तैयार नजर आ रहा है, वहीं दूसरी ओर देवतालाब मंदिर परिसर में सफाई व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं. मंदिर के आसपास कई स्थानों पर गंदगी का अंबार दिखाई दे रहा है. श्रद्धालुओं का कहना है कि लाखों लोगों की आस्था के केंद्र इस धार्मिक स्थल पर सफाई व्यवस्था को प्राथमिकता दी जानी चाहिए.
आस्था, सुरक्षा और सुविधा के बीच परीक्षा का समय
देवतालाब शिव मंदिर केवल एक मंदिर नहीं बल्कि मऊगंज जिले की धार्मिक पहचान और लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है. श्रावण मास में यहां भक्ति का विशाल संगम देखने को मिलेगा. प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के इंतजाम तो कर दिए हैं, लेकिन अब सफाई और मूलभूत सुविधाओं पर भी ध्यान देने की जरूरत है, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित, स्वच्छ और बेहतर माहौल में बाबा भोलेनाथ के दर्शन कर सकें.
ये भी पढे़ं- दतिया उपचुनाव: 291 मतदान केंद्रों पर सुरक्षा का सख्त पहरा, 30 जुलाई को होगी वोटिंग, 2 लाख से ज्यादा लोग डालेंगे वोट
