Vistaar NEWS

एक-दो रुपये के सिक्कों का लेन-देन ना करने वाले सावधान! मऊगंज प्रशासन सख्त, पैसे ना स्वीकारने पर होगी कार्रवाई

mauganj Strict action against those who refuse to transact using one or two rupee coins

एक-दो रुपये के सिक्कों को लेकर मऊगंज जिला प्रशासन सख्त

Mauganj News: जेब में रखा 1 रुपये और 2 रुपये का सिक्का, क्या अब आपके लिए मुसीबत बन गया है? मऊगंज जिले में लंबे समय से छोटे सिक्कों को लेकर चल रहे विवाद पर अब प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है. कलेक्टर ने साफ चेतावनी दी है कि भारतीय रिजर्व बैंक के वैध सिक्के लेने से इनकार करने वालों पर कार्रवाई हो सकती है. आखिर क्यों बाजार में वैध मुद्रा को ठुकराया जा रहा है?

दोहरे रवैये से बड़ा खामियाजा!

मऊगंज बाजार में 1 रुपये और 2 रुपये के सिक्कों को लेकर रोज नई परेशानी खड़ी हो रही है. कई दुकानदार ग्राहकों से ये सिक्के लेने से इनकार कर देते हैं. सबसे बड़ा विरोधाभास यह है कि खुले पैसे लौटाते समय यही सिक्के ग्राहकों को थमा दिए जाते हैं, लेकिन जब वही सिक्के भुगतान में वापस आते हैं तो उन्हें लेने से मना कर दिया जाता है. इस दोहरे रवैये का सबसे बड़ा खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है.

‘बैंकों में सिक्के जमा कराने में हो रही दिक्कत’

पान की गुमटियों से लेकर पानीपुरी के ठेलों तक, किराना दुकानों से लेकर छोटे व्यापारियों तक हर जगह सिक्कों को लेकर अलग-अलग नियम चलते दिखाई देते हैं. कई व्यापारियों का कहना है कि वे सिक्के लेने को तैयार हैं, लेकिन आगे बाजार और कई बार बैंक शाखाओं में उन्हें जमा कराने में दिक्कत आती है. नतीजा, छोटे लेन-देन प्रभावित हो रहे हैं और लोगों की जेब में रखे वैध सिक्के बेकार जैसे साबित हो रहे हैं.

मऊगंज प्रशासन सख्त

लगातार मिल रही शिकायतों के बाद मऊगंज कलेक्टर संजय कुमार जैन ने मामले को गंभीरता से लिया. अग्रणी बैंक के माध्यम से जिले की सभी बैंक शाखाओं को निर्देश जारी किए गए हैं कि ₹1, ₹2, ₹5 और ₹10 के सभी सिक्के भारतीय रिजर्व बैंक की वैध मुद्रा हैं और उन्हें स्वीकार करना अनिवार्य है. बैंकों से कहा गया है कि ग्राहकों से बिना किसी सीमा के सिक्के स्वीकार किए जाएं, भुगतान में उनका उपयोग बढ़ाया जाए, व्यापारियों को मांग के अनुसार सिक्के उपलब्ध कराए जाएं और प्रत्येक शाखा में सूचना बोर्ड लगाया जाए कि यहां सभी प्रकार के वैध सिक्के स्वीकार किए जाते हैं.

ये भी पढ़ें: देवतालाब शिव मंदिर में आस्था के नाम पर लाखों का खेल! 24 घंटे में ₹5.63 लाख की बंदरबांट, मऊगंज में RTI से हुआ खुलासा

शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी

कलेक्टर ने साफ चेतावनी दी है कि यदि कोई बैंक, व्यापारी या व्यक्ति वैध सिक्के लेने से इनकार करता है और इसकी शिकायत मिलती है, तो संबंधित के खिलाफ नियमों के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल प्रशासन का कहना है कि अब तक कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं हुई है, लेकिन शिकायत मिलते ही सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.

Exit mobile version