रीवा जिले में एक बार फिर से प्रशासनिक सख्ती की तस्वीर सामने आई है. जिले के कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी ने एक जर्जर बस को तुरंत कार्रवाई कर जब्त करने के निर्देश दिए है. दरअसल इसी बस में अपने तमाम अधिकारियों के साथ सफर करके कलेक्टर ‘जन विश्वास’ कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे. ये कार्यक्रम रीवा के गुढ़ तहसील में आयोजित किया गया था.
बस से उतरते ही कलेक्टर का कड़क निर्देश
कार्यक्रम स्थल पहुंचते ही कलेक्टर ने ऐसा निर्णय लिया कि परिवहन विभाग और बस संचालकों में अफरा-तफरी मच गई. जिस बस में सवार होकर कलेक्टर और अधिकारी कार्यक्रम स्थल पहुंचे थे उसकी हालत बहुत जर्जर थी. इसी वजह से जैसे ही कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी कार्यक्रम स्थल पर पहुंचते है बस को सीज करने के निर्देश जारी कर दिया.
तिवारी ट्रैवल्स की बस हुई सीज
बताया जा रहा है कि कार्यक्रम में शिरकत करने के लिए रीवा आरटीओ की ओर से ‘तिवारी ट्रैवल्स’ की बस उपलब्ध कराई गई थी. कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से दो-टूक कहा कि जब इस बस में सफर करने वाले जिम्मेदार अधिकारी ही इतनी परेशानी महसूस कर रहे हैं, तो सोचिए कि रोजाना इस बस में सफर करने वाले आम यात्रियों को कितनी दुश्वारियों का सामना करना पड़ता होगा.
उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि यात्रियों की सुरक्षा से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. अगर वाहन की फिटनेस और स्थिति ठीक नहीं है, तो ऐसे वाहनों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए. कलेक्टर के आदेश मिलते ही परिवहन विभाग की टीम हरकत में आई और बस को अपने कब्जे में लेते हुए सीज कर दिया
यह भी पढ़ें- नौकरी के लिए दुबई गई Bhopal की युवती को बनाया बंधक, बाहर से ताला, अंदर कैमरे, फिर जो हुआ रोंगटे खड़े कर देगा..
