Rewa DIG Gunman House Burglary: मध्यप्रदेश के रीवा जिले से बड़ी खबर आ रही है. यहां चोरी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. हैरानी की बात तो यह है कि, चोरों ने किसी आम आदमी के घर को नहीं बल्कि पुलिस विभाग के एक जवान के घर अपना हाथ साफ किया. पूरा मामला घटना चोरहटा थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है.
DIG के गनमैन के घर चोरी
दरअसल, रीवा जोन के DIG के साथ तैनात गनमैन अशोक तिवारी के मकान में रात के समय चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया. चोरों ने करीब 40 लाख का माल साफ कर लिया. चोरी किए गए सामानों में ज्वेलरी और नकदी शामिल हैं. अशोक तिवारी का परिवार इसी इलाके में रहता है. रात को खाना खाने के बाद घर के सभी सदस्य अपने-अपने कमरों में सो गए थे. घर में गहरी नींद में होने का फायदा उठाकर चोर ने चुपके से अंदर घुसने का रास्ता बना लिया.
सतना में अवैध तरीके से रेत खनन का मामला, आरोपी के खिलाफ केस दर्ज, ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त
चोर ने खाई पूड़ी-सब्जी
घटना की सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि चोर ने घर में घुसने के बाद कोई जल्दबाजी नहीं की. उसने पहले रसोई में जाकर खाना खाया. वहां रखी पूड़ी, अचार और पानी से पेट भरा. इसके बाद वह धीरे-धीरे घर के बाकी हिस्सों में गया. उसने अलमारी, ट्रंक और बक्सों के ताले तोड़े. उनमें रखा सोने का सामान, चांदी के बर्तन और नकद रुपए अपने साथ ले गया.बताया जा रहा है कि चोरी गए सामान में सोने का हार, मंगलसूत्र, कंगन, अंगूठी, चांदी की पायल और कई अन्य गहने शामिल हैं.
सुबह सामान मिला अस्त-व्यस्त
सुबह जब घर के लोगों की नींद खुली तो उन्होंने देखा कि पूरा घर अस्त-व्यस्त पड़ा है. अलमारियां खुली हुई थीं और सामान जमीन पर बिखरा था. इसके बाद उन्हें चोरी का पता चला. परिवार ने बिना देर किए पुलिस को सूचना दी.सूचना मिलने पर चोरहटा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची. अधिकारियों ने घर का बारीकी से निरीक्षण किया. चोरी के मामले में बीएनएस की संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है. पुलिस ने बताया कि, वारदात में एक ही चोर शामिल है.
