मध्य प्रदेश में बीते 2-3 दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण कई शहरों में आम जन-जीवन बुरी तरह से प्रभावित हुआ है. इन शहरों की लिस्ट में रीवा और मऊंगज का नाम सबसे ऊपर है. रीवा संभाग में लगातार हो रही बारिश के कराण कई इलाकों में जल भराव और बाढ़ जैसी स्तिथि बनी हुई है. नाले भी उफान हैं बांधों में भी पानी खतरे के निशान से ऊपर हो जाने पर गेट खोल दिए गए हैं, जिससे नदियां ने भी विकराल रूप धारण कर लिया है.
पिछले 9 घंटे से लगातार बारिश
रीवा जिले में पिछले 9 घंटे से लगातार बारिश हो रही है. तराई अंचल की नदियां उफान पर हैं और शहर के निचले इलाकों में भी बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं. सुबह से ही राजस्व और पुलिस की टीमें नदी-नालों और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में गश्त कर रही हैं. प्रशासन ने लोगों से नदी के पास न जाने की अपील की है. नदियों के किनारे जो खेत हैं वह पूरी तरह से डूब चुके हैं, जल भराव के कारण किसानों की फसलें भी सड़ने लगी हैं.
कॉलोनियों में भरा पानी
शहर के निचले इलाकों, अंडरपास और कॉलोनियों में पानी भर गया है. नालियों की निकासी ठप होने से सड़कों पर 2-3 फीट तक पानी जमा हो गया है. इस वजह से ट्राफिक की समस्या खड़ी हो गई है. आज सुबह से ही प्रशासन की टीमें संवेदनशील इलाकों में गश्त कर रही हैं. बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत दल तैनात किए गए हैं. किसी भी आपात स्तिथि से निपटने के लिए बाढ़ कंट्रोलरूम 24 घंटे एक्टिव रखा गया है.
सड़कों पर जल भराव
सड़कों पर जल भराव की वजह से स्कूल जाने वाले बच्चे, दफ्तर जाने वाले कर्मचारी और व्यापारियों को ज्यादा समस्या का सामना करना पड़ रहा है. प्रशासन ने लोगों से घर में रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है. हालांकि कुछ इलाकों पानी घरों के भीतर तक घुस गया है, इस वजह से कई परिवार छतों पर फंसे हुए हैं.
इन इलाकों में बत्ती गुल
रीवा में लगातार हो रही बारिश से कई विद्युत केन्द्रों में पानी भर गया. सुरक्षा की दृष्टि से विद्युत आपूर्ति बंद की गई है. चंद्रपुर उपकेंद्र में पानी भरने के कारण उपकेंद्र की सप्लाई बंद कर दी गई है. इससे चंद्रपुर, झोटिया, डाढ़ा, मनिका, पनासी, संदोह, चंदेला, लोहसाइन,रायपुर, सोनोरी महुली, ककरैला, लेदा, काल्ही, बिज़वार, कोटरा कला, रेही आदि गांव की सप्लाई बंद है.
यह भी पढ़ें- MP Rail News: MP के यात्रियों की बल्ले-बल्ले, इन स्टेशनों पर रुकेगी अमृत भारत एक्सप्रेस, टाइमटेबल जारी
