रीवा में Zomato से मंगाई वेज बिरयानी तो निकला कीड़ा, शिकायत पर ‘स्ट्रीट किचन रेस्टोरेंट’ का लाइसेंस निलंबित
रीवा में स्ट्रीट किचन रेस्टोरेंट का लाइसेंस निलंबित
Rewa Restaurant License Suspended: मध्य प्रदेश के रीवा शहर में संचालित स्ट्रीट किचन की बिरयानी में कीड़ा मिलने से हड़कंप मच गया. युवक ने इसकी शिकायत खाद्य विभाग से की. जिसके बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई करते हुए रेस्टोरेंट को सील कर दिया है. जब टीम ने रेस्टोरेंट में छापा मारा तो उसमें कई कमियां पाई गईं. फिलहाल, खाद्य विभाग ने स्ट्रीट किचन का फूड लाइसेंस निलंबित कर जांच शुरू कर दी है.
यह मामला रीवा के ताला हाउस क्षेत्र में संचालित स्ट्रीट किचन रेस्टोरेंट का है. जहां एक युवक ने ऑनलाइन डिलीवरी प्लेटफॉर्म जोमैटो के माध्यम से वेज बिरयानी मंगाई, लेकिन उसके खाने में कीड़ा निकल आया. कीड़ा मिलने के बाद युवक ने इसकी शिकायत ऑनलाइन प्लेटफॉर्म जोमैटो और खाद्य विभाग से की. खाद्य विभाग की टीम जब शिकायत मिलने के बाद जांच करने पहुंची, तो वहां का हाल देखकर हैरान रह गई.
गंदगी देख खाद्य विभाग की टीम हैरान
खाद्य विभाग की टीम को जांच के दौरान इतनी गंदगी मिली, कि रेस्टोरेंट में खाना खाने वालों की चिंता को बढ़ा दिया. इसके साथ ही अन्य सभी रेस्टोरेंट की व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए. खाद्य विभाग ने पाया कि रेस्टोरेंट ने खाद्य सुरक्षा मानकों का बिल्कुल भी ध्यान नहीं रखा. कीड़ा मिलने की शिकायत मिली थी, जो सही पाई गई. इतना ही नहीं अधिकारियों ने पाया कि रेस्टोरेंट का किचन खुले में संचालित हो रहा था. साफ-सफाई की स्थिति भी काफी खराब रही.
ये भी पढ़ेंः मऊगंज में KYC नहीं तो DSC बंद! पंचायत विकास पर ताला, मऊगंज कलेक्टर पर टिकी निगाहें
रेस्टोरेंट का लाइसेंस निलंबित
खाद्य विभाग ने एक साथ इतनी कमियों को पाया तो रेस्टोरेंट का लाइसेंस निरस्त कर दिया. इस दौरान स्पष्ट किया कि अगर प्रतिष्ठान अपनी व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार नहीं करता, तब तक उसे संचालन की अनुमति नहीं दी जाएगी. खाद्य विभाग ने स्ट्रीट किचन रेस्टोरेंट के साथ ही शहर में संचालित सभी होटल संचालकों को चेतावनी दी है, कि वे मानकों का ध्यान जरूर रखें. अन्यथा कार्रवाई की जाएगी. रीवा में स्ट्रीट किचन रेस्टोरेंट पर कार्रवाई करना, खाद्य सुरक्षआ विभाग की बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है.