सीधी में लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई, नामांतरण के नाम पर ₹3000 रिश्वत लेते माल जमादार गिरफ्तार
लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई
इनपुट-शरद कुमार गौतम
Sidhi: सीधी से भ्रष्टाचारी का एक बड़ा मामला सामने आया है. रीवा संयुक्त लोकायुक्त टीम ने सीधी में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. नामांतरण करवाने के बदले ₹3000 की रिश्वत लेते हुए तहसील कार्यालय के माल जमादार दामोदर साकेत को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है.
जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता नागेंद्र प्रसाद तिवारी पिछले 4 महीने से नामांतरण के लिए तहसील के चक्कर काट रहे थे. इसी दौरान उनकी मुलाकात तहसील में पदस्थ माल जमादार दामोदर साकेत से हुई. आरोप है कि दामोदर साकेत ने नामांतरण करवाने के बदले ₹3000 की मांग की. परेशान होकर नागेंद्र प्रसाद तिवारी ने सीधे एसपी से शिकायत की है.
रीवा संयुक्त लोकायुक्त टीम ने बनाया प्लान
शिकायत के बाद रीवा संयुक्त लोकायुक्त टीम ने प्लान बनाकर आज सुबह तहसील कार्यालय के सामने ट्रैप लगाया. जैसे ही दामोदर साकेत ने ₹3000 की रिश्वत ली, लोकायुक्त टीम ने उन्हें रंगे हाथों पकड़ लिया. इस कार्रवाई को लोकायुक्त के इंस्पेक्टर नरेश मेहरा के नेतृत्व में अंजाम दिया गया. गिरफ्तारी के बाद आरोपी को सीधी उच्च विश्राम गृह लाया गया, जहां आगे की कार्रवाई की जा रही है.
लोकायुक्त की इस कार्रवाई से तहसील कार्यालयों में हड़कंप मच गया है. प्रशासन ने साफ कर दिया है कि भ्रष्टाचार करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा. विस्तार न्यूज़ इस खबर पर लगातार नजर बनाए हुए है.
ये भी पढ़ें: एग्जाम से पहले RGPV यूनिवर्सिटी से क्वेश्चन पेपर चोरी! 200 छात्रों की परीक्षा टली, कांग्रेस ने सरकार को घेरा