Vistaar NEWS

MP News: मऊगंज में युवक कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन, मुंडन कर किया पुतला दहन, निकाली मुख्य चुनाव आयुक्त की प्रतीकात्मक शवयात्रा

Congress's unique protest in Mauganj

मऊगंज में कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन

MP News: मध्य प्रदेश की राजनीति में राज्यसभा चुनाव को लेकर मचा घमासान अब मऊगंज की सड़कों तक पहुंच गया है. कांग्रेस नेता मीनाक्षी नटराजन के राज्यसभा नामांकन को लेकर उठे विवाद के विरोध में युवक कांग्रेस ने ऐसा प्रदर्शन किया, जिसने पूरे जिले का ध्यान अपनी ओर खींच लिया. मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुंडन कराकर प्रतीकात्मक शवयात्रा निकाली और बाद में पुतला दहन कर अपना आक्रोश व्यक्त किया.

मुंडन से शुरू हुआ विरोध, शवयात्रा बनी चर्चा का केंद्र

युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष आशुतोष तिवारी के नेतृत्व में आयोजित इस विरोध प्रदर्शन की शुरुआत शासकीय शहीद केदारनाथ महाविद्यालय के सामने हुई. यहां कार्यकर्ताओं ने पहले सामूहिक रूप से मुंडन कराया और फिर मुख्य चुनाव आयुक्त की प्रतीकात्मक शवयात्रा तैयार की. चार कार्यकर्ताओं ने शव को कंधे पर उठाया, जबकि अन्य कार्यकर्ता हाथों में पीतल का लोटा और पारंपरिक सामग्री लेकर जुलूस में शामिल हुए.

‘लोकतंत्र बचाओ’, “चुनाव आयोग जवाब दो’ और ‘तानाशाही नहीं चलेगी’ जैसे नारों के बीच यह जुलूस शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा. प्रदर्शन का यह अनोखा तरीका राहगीरों और आम नागरिकों के बीच चर्चा का विषय बना रहा.

मुख्य चौराहे पर पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच खींचतान

जुलूस जब शहर के मुख्य चौराहे पर पहुंचा तो कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला दहन करने की तैयारी शुरू कर दी. इसी दौरान पुलिस ने सुरक्षा और कानून-व्यवस्था का हवाला देते हुए पुतला दहन रोकने का प्रयास किया. इसके बाद पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक और खींचतान की स्थिति बन गई. कुछ समय तक चले इस गतिरोध के बाद युवक कांग्रेस कार्यकर्ता पुतला दहन करने में सफल रहे. घटना के दौरान चौराहे पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिससे माहौल काफी गर्म नजर आया.

13 दिन तक चलेगा ‘प्रतीकात्मक क्रियाकर्म’

प्रदर्शन के बाद युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष आशुतोष तिवारी ने कहा कि यह विरोध केवल सांकेतिक नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को बचाने की लड़ाई का हिस्सा है. उन्होंने घोषणा की कि मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ शुरू किया गया यह प्रतीकात्मक विरोध 13 दिनों तक हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार जारी रहेगा. उन्होंने प्रशासन से प्रदर्शन में उपयोग किए गए पीतल के लोटे को अपने कब्जे में लेने का भी आग्रह किया और कहा कि लोकतंत्र की हत्या करने वालों के खिलाफ जनता को जागरूक करने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा.

चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि विपक्षी नेताओं के साथ भेदभावपूर्ण रवैया अपनाया जा रहा है. नेताओं का कहना था कि राज्यसभा चुनाव से जुड़े मामलों में नियमों की अलग-अलग व्याख्या कर लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर किया जा रहा है. युवक कांग्रेस ने स्थानीय प्रशासन और प्रदेश सरकार को भी निशाने पर लेते हुए विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर आवाज बुलंद की.

राजनीतिक तापमान बढ़ाने वाला प्रदर्शन

मऊगंज में हुआ यह विरोध प्रदर्शन अब राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है. मुंडन, शवयात्रा और पुतला दहन जैसे प्रतीकों के जरिए युवक कांग्रेस ने अपने विरोध को अलग अंदाज में सामने रखा है. वहीं, इस प्रदर्शन के बाद जिले में राजनीतिक माहौल और अधिक गरमा गया है. आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच बयानबाजी और तेज होने के आसार हैं.

ये भी पढे़ं- मऊगंज में नाबालिग से दुष्कर्म, शादी का झांसा देकर घर से भगाया, मौसी ने भी की मदद; 10 महीने बाद प्रयागराज से आरोपी गिरफ्तार

Exit mobile version