Vistaar NEWS

हजारों के हुजूम और 300 गाड़ियों के काफिले के साथ निकले धीरेंद्र शास्त्री, रथयात्रा में उमड़ा भारी जनसैलाब

bageshwar dham news

पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री

बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की भव्य ‘सनातन हिंदू एकता रथयात्रा 3.0’ का रविवार (11 अक्टूबर 2026) को शानदार आगाज हो चुका है. इस यात्रा की शुरुआत में ही भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा और उनके काफिले में 300 से अधिक गाड़ियां शामिल है. इस यात्रा का शुभारंभ राष्ट्रगान और हनुमान चालीसा के सामूहिक पाठ के साथ किया जा रहा है. बाबा बागेश्वर की इस पद यात्रा में शामिल होने के लिए देश भर से श्रद्धालु बागेश्वर धाम (छतरपुर) पहुंच रहे हैं.

पन्ना में होगा रात्रि विश्राम

बाबा बागेश्वर की इस रथ यात्रा का उद्देश्य बुंदेलखंड अंचल में सनातन संस्कृति की अलख जगाना और लोगों को सनातन संस्कृति से जोड़ना है. यह पूरी यात्रा बुंदेलखंड के करीब पांच प्रमुख जिलों से होकर गुजरेगी और इसका कुल रूट लगभग 500 किलोमीटर का तय किया गया है. पहले दिन ये बागेश्वर धाम से चलकर गंज, बमीठा और चंद्रनगर के रास्ते अजयगढ़ पहुंचेगा, जहां दोपहर विश्राम के बाद पन्ना में रात्रि विश्राम का कार्यक्रम रखा गया है.

इन शहरों ने होकर गुजरेगी रथयात्रा

यात्रा मध्य प्रदेश के 5 जिलों से होकर गुजरेगी, जिनमें सागर, पन्ना, टीकमगढ़, दमोह और छतरपुर शामिल हैं. लगभग 500 किलोमीटर की इस यात्रा को मात्र 5 दिन में पूरा करने का तय किया गया है. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने बताया है कि इस पांच दिवसीय रथ यात्रा के दौरान कुल 4 जगहों पर रात्रि विश्राम किया जाएगा. इन स्थानों पर हनुमान चालीसा का पाठ, हवन और अन्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.

इस बार की रथयात्रा की खासियत

इस भव्य रथयात्रा की सबसे बड़ी खासियत इसका आध्यात्मिक स्वरूप है. इसमें वृंदावन के प्रसिद्ध संत इंद्रेश महाराज, देवी चित्रलेखा, अयोध्या के राजू दास महाराज, गंगादास महाराज, मोनी महाराज और चित्रकूट के राधेश्याम महाराज समेत कई नामी संत और महात्मा शिरकत कर रहे हैं. बाबा बागेश्वर ने स्पष्ट संदेश दिया है कि इस आयोजन में ‘भक्त और भगवान के बीच कोई पास नहीं होगा’, यानी कथा पंडाल और यात्रा के दौरान पूरी तरह से वीआईपी कल्चर को खत्म कर दिया गया है ताकि हर आम भक्त सीधे तौर पर जुड़ सके.

ये भी पढ़ें: इंदौर टू जोधपुर मात्र डेढ़ घंटे का सफर! विंटर सीजन में डायरेक्ट फ्लाइट की मिली सौगात

Exit mobile version