Digvijaya Singh Bundelkhandi Answer Viral: मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह का मजेदार जवाब इन दिनों तेजी से वायरल हो रहा है. वे बुंदेलखंडी में बोलते नजर आ रहे हैं. बातचीत का ये अंदाज सोशल मीडिया पर लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है. मौके पर मौजूद लोग अपनी हंसी नहीं रोक पाए. युवक ने दिग्विजय सिंह को डुकरा कह दिया. उन्होंने इस पर नाराजगी नहीं जतायी बल्कि मजाकिया अंदाज में जवाब दिया.
दिग्विजय सिंह ने क्या कहा?
पूर्व सीएम और युवक के बीच हुई बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इसमें युवक कैमरे पर दिग्विजय सिंह का परिचय देते हुए कहता है कि मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री जी हैं, दिग्विजय सिंह. दिग्गी राजा के नाम से जानो जात हैं. जा देखो 80 साल की उमर में डुकरा के बराबर निकरै. इस पर माहौल हल्का-फुल्का हो गया. दिग्विजय सिंह गुस्सा होने की जगह इसे मजाक की तरह लिया. उन्होंने जवाब देते हुए कहा कि ऐ डुकरा काए कै रओ है. लोगों को हंसी छूट गई, लोग ठहाके लगाकर हंसते नजर आए. वैसे डुकरा शब्द बुंदेलखंडी में बुजुर्ग के लिए इस्तेमाल किया जाता है.
जो इंटरव्यू करबे वारो मोड़ा हमें डुकरा कै रओ! बताओ तो, आज के दिना में कौन सो डुकरा रोज 15-20 किलोमीटर पैदल चल रओ है? बात जा है कि उमर को सवाल बड़ो नइयाँ, बड़ो है हमाओ लक्ष्य। लोकतंत्र बचाबे को लक्ष्य, सनातन धरम की रक्षा करबे को लक्ष्य। जय सियाराम। जय संविधान। #सत्य_सनातन_स्वाभिमान_यात्रा #SatyaSanatanSwabhimanYatra
— Office Of Digvijaya Singh (@OfficeOfDVS) November 25, 2026
सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर किया
इस पूरे वाकये का दिग्विजय सिंह ने सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट किया. इसके साथ ही बुंदेलखंडी अंदाज में लिखा, कि जो इंटरव्यू करबे वारो मोड़ा हमें डुकरा कै रओ! बताओ तो, आज के दिना में कौन सो डुकरा रोज 15-20 किलोमीटर पैदल चल रओ है? बात जा है कि उमर को सवाल बड़ो नइयां, बड़ो है हमाओ लक्ष्य. लोकतंत्र बचाबे को लक्ष्य, सनातन धरम की रक्षा करबे को लक्ष्य.
सत्य सनातन स्वाभियान यात्रा निकाल रहे दिग्विजय सिंह
दिग्विजय सिंह सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा निकाल रहे हैं. उन्होंने 20 अक्टूबर यात्रा की शुरुआत उज्जैन से शुरू की. हर दिन करीब 15 से 20 किमी चल रहे हैं. वे मध्य प्रदेश के ओरछा पहुंच चुके हैं. करीब 950 किमी की यात्रा पूरी करके राम नगरी अयोध्या तक जाना है. इससे पहले पूर्व सीएम नर्मदा परिक्रमा यात्रा भी कर चुके हैं.
