Vistaar NEWS

MP News: जेरोन खालसा नगर परिषद में किसकी होगी जीत, अध्यक्ष समर्थक बोले- भरोसा बरकरार

mp news

एमपी के जेरोन खालसा

Jeron Khalsa Nagar Parishad Election: शुक्रवार यानी कि आज का दिन एमपी के जेरोन खालसा के लिए काफी अहम माना जा रहा है. यहां की नगर परिषद की कमान किसके हाथ में रहेगी, यह आज मतगणना के बाद साफ हो जाएगा. नगर की सियासत पिछले कई महीनों से अध्यक्ष की कुर्सी को लेकर गरमाई हुई थी, और अब गेंद मतदाताओं के पाले से निकलकर मतपेटियों में कैद फैसले पर आ टिकी है.

क्या है पूरा मामला ?

दरअसल, यहां की अध्यक्ष को पद से हटाने को लेकर एक विशेष प्रक्रिया अपनाई गई थी. नगर के निर्वाचित सदस्यों के एक बड़े गुट ने अध्यक्ष के खिलाफ नाराजगी जताई थी. उनका आरोप था कि परिषद का कामकाज ठीक ढंग से नहीं चल रहा है और कई फैसलों में पारदर्शिता की कमी है. इस नाराजगी के बाद ही वापस बुलाने वाली प्रक्रिया शुरू हुई.

शुरुआत में अध्यक्ष के खिलाफ खड़े हुए सदस्यों की संख्या काफी अधिक बताई जा रही थी. लेकिन जैसे-जैसे मामला आगे बढ़ा, समीकरणों में भी बदलाव देखने को मिला. कुछ सदस्यों ने बाद में अपना रुख बदल लिया और अध्यक्ष के पक्ष में खड़े हो गए. इससे पूरे मामले में नया मोड़ आ गया और मुकाबला दिलचस्प हो गया.

अध्यक्ष की तरफ से भी इन आरोपों को सिरे से खारिज किया गया. उनका कहना था कि उन्हें बदनाम करने के लिए साजिश रची गई और कुछ सदस्यों को भ्रमित करके हस्ताक्षर लिए गए.उन्होंने यह भी कहा कि परिषद में कामकाज को बिगाड़ने की कोशिश कुछ लोगों की तरफ से की जा रही है, जबकि उन्होंने हमेशा नगर के विकास को प्राथमिकता दी.

मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया

अब बात मतदान की करें तो इस बार मतदाताओं ने भी इस प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. नगर में पंजीकृत कुल मतदाताओं में से आधे से ज्यादा लोगों ने अपने मत का प्रयोग किया. पुरुष मतदाताओं की भागीदारी इस बार अपेक्षाकृत ज्यादा दिखाई दी, जबकि महिला मतदाताओं ने भी अच्छी संख्या में मतदान केंद्रों पर पहुंचकर अपनी राय जाहिर की.

विरोधी गुट का दावा क्या है ?

मतदान के दिन नगर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे मतदान केंद्रों पर लोगों की लंबी कतारें देखी गईं. सुबह से ही मतदाता अपने फैसले को लेकर उत्साहित नजर आए. कई लोगों का कहना था कि नगर का विकास ही उनके लिए सबसे बड़ा मुद्दा है और वे उसी आधार पर फैसला करेंगे.अब मतगणना को लेकर नगर में हलचल तेज हो गई है. दोनों पक्ष अपने-अपने दावे कर रहे हैं. अध्यक्ष समर्थकों का कहना है कि जनता ने उन पर भरोसा जताया है और वे कुर्सी पर बनी रहेंगी. वहीं, विरोधी गुट का दावा है कि जनता बदलाव चाहती है और परिणाम उनके पक्ष में आएगा.

Exit mobile version