Vistaar NEWS

मऊगंज में तापमान बढ़ने से स्कूलों की टाइमिंग बदली, पारा 40 के पार, डॉक्टर्स की सलाह- सिर और चेहरे को ढककर ही बाहर निकलें

File Photo

File Photo

Input- लवकेश सिंह

MP News: मध्यप्रदेश के मऊगंज जिले में गर्मी ने इस बार शुरुआती दौर में ही अपने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं. तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचने से आमजन का जीवन प्रभावित हो रहा है. दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहता है, वहीं लोग गर्म पेय पदार्थों से दूरी बनाकर लस्सी, छाछ और जूस जैसे ठंडे विकल्पों की ओर तेजी से रुख कर रहे हैं.

गर्मा के कारण स्कूलों की टाइमिंग बदली

भीषण गर्मी को देखते हुए जिला प्रशासन ने छात्रों को राहत देने के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिया है. कलेक्टर संजय कुमार जैन ने सभी स्कूलों के समय में तत्काल बदलाव के आदेश जारी किए हैं, जिससे बच्चों को झुलसाने वाली धूप से बचाया जा सके.

नए आदेश के अनुसार जिले के सभी शासकीय, अशासकीय, अनुदान प्राप्त, मान्यता प्राप्त, सीबीएसई, आईसीएसई और माध्यमिक शिक्षा मंडल से जुड़े विद्यालय अब सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक संचालित होंगे. इस फैसले से हजारों विद्यार्थियों को राहत मिलने की उम्मीद है.

शिक्षकों के लिए अलग निर्देश

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शिक्षक और विद्यालयीन कर्मचारी दोपहर 1:30 बजे तक स्कूल में उपस्थित रहेंगे और अपने आवश्यक कार्य पूरे करेंगे. वहीं पूर्व निर्धारित शैक्षणिक कार्यक्रम अपने तय समय पर ही आयोजित किए जाएंगे.

लापरवाही पड़ सकती है भारी

स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने भीषण गर्मी को लेकर सावधानी बरतने की सलाह दी है. उनका कहना है कि सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे के बीच बाहर निकलने से बचें. यदि जरूरी हो तो सिर और चेहरे को ढककर ही निकलें. पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं और खानपान में ठंडी चीजों को शामिल करें. खासकर बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखना बेहद जरूरी है, क्योंकि लू का असर सबसे पहले इन्हीं पर होता है.

चाय को बाय, ठंडे पेय अपनाने की सलाह

जिला प्रशासन की अपील इस भीषण गर्मी में चाय-कॉफी जैसे गर्म पेय पदार्थों से दूरी बनाएं और शरीर को ठंडा रखने वाले विकल्प अपनाएं. लस्सी, छाछ, जूस, नींबू पानी और अन्य ठंडे पेय पदार्थों का सेवन करने से शरीर को राहत मिलती है और डिहाइड्रेशन का खतरा कम होता है.

ये भी पढे़ं: MP News: भोजशाला मामले में मुस्लिम पक्ष की ओर से दायर सिविल सूट पर हुई सुनवाई, अब सोमवार को होगी हियरिंग

Exit mobile version