Rewa News: केंद्रीय चुनाव आयोग द्वारा कराए गए एसआईआर से बीएलओ परेशान हो गए हैं. बार-बार मतदाताओं के घर-घर दस्तक देना उन पर नागवार गुजर रहा है. इस मुद्दे को लेकर सोमवार को रीवा विधानसभा के समस्त बीएलओ ने धरना दिया और अपना विरोध दर्ज कराया. वहीं आरोप लगाया गया है कि जिला निर्वाचन कार्यालय में गलत फीडिंग के चलते मतदाता सूची में विसंगति आई है, जिसके लिए उन्हें परेशान किया जा रहा है. इस परेशानी से छुटकारा पाने के लिए तमाम बीएलओ ने प्रशासन को ज्ञापन भी सौंपा है.
आरोप है कि वरिष्ठ कार्यालय के आपरेटरों के द्वारा जल्दबाजी के चक्कर में एसआईआर अभियान के समय बीएलओ की लॉगिन आईडी पासवर्ड स्वयं प्राप्त कर गलत फीडिंग कर दी गई थी, जबकि समस्त बीएलओ के द्वारा सही जानकारी भरी गई व उपलब्ध भी कराई गई थी.
बीएलओ क्या आरोप लगाए?
- एसआईआर के काम में लगे बीएलओ का आरोप है कि उनके द्वारा मतदाताओं की सही जानकारी और दस्तावेज वरिष्ठ कार्यालय में जमा कर अपने काम को ईमानदारी पूर्वक किया गया है, इसके बाद भी लॉजिकल प्राब्लम आ रही है.
- इस समस्या की वजह से एक ही काम को बार-बार कराया जा रहा है.
- उनका कहना है कि मतदाता को बिना कोई नोटिस दिए ही बीएलओं को घर-घर जाकर दोबारा से मतादाताओं के हस्ताक्षर व दस्तावेज लेने के निर्देश दिए गए है.
- बताया गया है कि मतदाता उन पर संदेह व्यक्त कर रहे हैं, जिससे ओटीपी लेना कठिन हो गया है.
दो बार हो चुका है सत्यापन
इस तरह की विभिन्न समस्याओं से परेशान समस्त बीएलओ सोमवार को स्वामी विवेकानंद पार्क में एकत्रित होकर ना सिर्फ धरना दिया बल्कि विरोध भी दर्ज कराया है. दरअसल, इस विरोध प्रदर्शन में शामिल बीएलओ ने बताया कि उनके मध्यम से लॉजिकल डिस्क्रीपेन्सी में दिखने वाले मतदाताओं का दो बार सत्यापन पूर्व में वरिष्ठ कार्यालय के निर्देशानुसार कराया जा चुका है.
साथ ही समुचित रिकार्ड भी बीएलओ एप के माध्यम से अपलोड किये जा चुके हैं, किन्तु बार-बार वहीं कार्य करने के लिए वरिष्ठ कार्यालय के द्वारा बाध्य किया जा रहा है, जिससे मतदाताओं के घर बीएलओ को बार-बार जाना पड़ रहा है और ऐसे में बीएलओ को तिरस्कार व अपमान का भी सामना करना पड़ रहा है.
