Vistaar NEWS

Holi Special Train: होली पर इंदौर-खड़की के बीच चलेगी स्पेशल ट्रेन, 4 मार्च से शुरू होगा संचालन

Holi Special Train

होली स्पेशल ट्रेनें

Holi Special Train: होली के अवसर पर यात्रियों की संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल ने इंदौर और खड़की (पुणे) के बीच विशेष ट्रेन चलाने की घोषणा की है. 09324/09323 नंबर की यह इंदौर-खड़की-इंदौर स्पेशल ट्रेन विशेष किराये पर संचालित की जाएगी, जिससे महाराष्ट्र की ओर यात्रा करने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी.

अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए फैसला

मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि त्योहार के दौरान अतिरिक्त दबाव को कम करने के उद्देश्य से इस ट्रेन को अस्थायी रूप से चलाया जा रहा है. ट्रेन में एसी-2 टियर, एसी-3 टियर, स्लीपर और जनरल सेकेंड क्लास के डिब्बे लगाए जाएंगे, ताकि सभी वर्गों के यात्रियों को सुविधा मिल सके.

इन स्टेशनों पर होगा ठहराव

यह ट्रेन दोनों ओर से देवास, उज्जैन, नागदा, रतलाम, गोधरा, वडोदरा, सूरत, वलसाड, वापी, वसई रोड, भिवंडी रोड, कल्याण और लोनावाला जैसे प्रमुख स्टेशनों पर ठहरेगी. ट्रेन संख्या 09324 के लिए आरक्षण 27 फरवरी 2026 से सभी पीआरएस काउंटरों और आईआरसीटीसी की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगा.

यह रहेगा ट्रेन का शेड्यूल

समय सारिणी के अनुसार, 09324 इंदौर-खड़की स्पेशल 4 मार्च से 25 मार्च 2026 तक प्रत्येक बुधवार को इंदौर से सुबह 11:15 बजे रवाना होगी और अगले दिन गुरुवार को तड़के 2:50 बजे खड़की पहुंचेगी. वापसी में 09323 खड़की-इंदौर स्पेशल 5 मार्च से 26 मार्च 2026 तक हर गुरुवार सुबह 4:40 बजे खड़की से प्रस्थान कर उसी दिन रात 11:55 बजे इंदौर पहुंचेगी.

इस विशेष ट्रेन के संचालन से न केवल होली के दौरान यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेगा, बल्कि मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के बीच रेल संपर्क भी और मजबूत होगा.

ये भी पढ़ें- MP में NHM के 15 हजार से ज्यादा पद खाली, 43 हजार नई भर्ती के लिए केंद्र को प्रस्ताव भेजा

Exit mobile version