Vistaar NEWS

Bhopal Metro: जमीन के 24 मीटर नीचे दौड़ेगी भोपाल मेट्रो, सबसे अनोखा होगा नादरा स्‍टेशन

Bhopal Metro

भोपाल मेट्रो

Bhopal Metro: राजधानी भोपाल में मेट्रो परियोजना का दूसरा चरण अब तेजी से आगे बढ़ रहा है और काम जमीन के ऊपर ही नहीं बल्कि भूमिगत हिस्से में भी गति पकड़ चुका है. टनल बोरिंग मशीन (टीबीएम) के दो हिस्से करीब 24 मीटर नीचे स्थापित किए जा चुके हैं, वहीं भूमिगत स्टेशनों के निर्माण कार्य ने भी रफ्तार पकड़ ली है. इस चरण में खास तौर पर नादरा मेट्रो स्टेशन को बेहद अलग और आधुनिक तरीके से तैयार किया जा रहा है, जिसकी दो मंजिलें जमीन के भीतर होंगी और सबसे नीचे वाले स्तर पर ट्रेन संचालन होगा.

जमीन के अंदर 3.9 किमी लंबी डबल टनल

मेट्रो प्रशासन के अनुसार इस भूमिगत कॉरिडोर में करीब 3.9 किलोमीटर लंबी डबल टनल बनाई जा रही है. इस रूट पर दो स्टेशन प्रस्तावित हैं. एक भोपाल रेलवे मेट्रो स्टेशन और दूसरा नादरा बस स्टैंड मेट्रो स्टेशन. नादरा स्टेशन को तीन लेवल में विकसित किया जा रहा है, ताकि बस स्टैंड से आने-जाने वाले यात्रियों को सीधे और आसान कनेक्टिविटी मिल सके. डिजाइन ऐसा रखा गया है कि यात्रियों को ज्यादा दूरी पैदल तय न करनी पड़े और वे आसानी से मेट्रो तक पहुंच सकें.

स्ट्रीट लेवल पर आसान एंट्री-एग्जिट

स्टेशन का ऊपरी हिस्सा शहर की मुख्य सड़क से जुड़ा रहेगा, जहां से यात्रियों के प्रवेश और निकास के लिए आधुनिक सुविधाएं जैसे लिफ्ट, एस्केलेटर और गेट उपलब्ध होंगे. इससे बस स्टैंड से आने वाले यात्रियों को सीधे मेट्रो तक पहुंचने में आसानी होगी.

कॉनकोर्स लेवल पर टिकट और सुरक्षा व्यवस्था

इसके नीचे कॉनकोर्स लेवल पर टिकटिंग, सुरक्षा जांच और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं रहेंगी. इसे इस तरह डिजाइन किया गया है कि भीड़ के समय यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो और आवागमन सुगम बना रहे. सबसे नीचे प्लेटफॉर्म लेवल होगा, जहां मेट्रो ट्रेनें रुकेंगी. यहीं से दो समानांतर सुरंगें नादरा को भोपाल रेलवे स्टेशन से जोड़ेंगी.

इंटरचेंज को ध्यान में रखकर डिजाइन

नादरा स्टेशन को खास तौर पर इंटरचेंज को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है, जिससे बस और मेट्रो के बीच सफर करने वाले यात्रियों को अधिक सुविधा मिल सके. भोपाल मेट्रो के प्रबंध निदेशक एस. कृष्ण चैतन्य के अनुसार, अंडरग्राउंड स्टेशन के ऊपरी हिस्से पर निर्माण कार्य शुरू हो चुका है और आने वाले समय में यह परियोजना शहर के ट्रांसपोर्ट सिस्टम को नई दिशा देगी.

ये भी पढे़ं- Summer Special Train: गर्मी की छुट्ट‍ियों में सफर होगा असान, एमपी के इन स्‍टेशनों पर समर स्‍पेशल ट्रेन का हॉल्‍ट, जानें शेड्यूल

Exit mobile version