आलीराजपुर में कलेक्टर ने रात में लगाई चौपाल, खाट पर बैठकर सुनी समस्याएं; कहा- अब मुख्यालय नहीं आना पड़ेगा

कलेक्टर ने बताया कि रात्रि चौपाल का मुख्य उद्देश्य अंतिम छोर पर बसे लोगों की समस्याओं को सीधे सुनना और उनका मौके पर ही समाधान सुनिश्चित करना है.
In Alirajpur, the Collector sat on a cot at night and listened to the problems of the villagers.

आलीराजपुर में कलेक्टर ने रात में खाट पर बैठकर ग्रामीणों की समस्या सुनी.

Input- मनीष अरोड़ा

MP News: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे गांव-गांव जाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनें. साथ ही अधिकारियों को रात्रि चौपाल के जरिए ग्रामीणों की समस्या सुनकर उनका निराकरण करने के निर्देश दिए हैं. इसी क्रम में आलीराजपुर में कलेक्टर नीतू माथुर और जिले के विभिन्न विभागों के प्रमुख अधिकारियों द्वारा सोंडवा विकासखंड के वालपुर में रात्रि चौपाल एवं खाटला बैठक में ग्रामीणों से मुखातिब होकर उनकी समस्याएं सुनीं

इस रात्रि चौपाल का मुख्य उद्देश्य अंतिम छोर पर बसे लोगों की समस्याओं को सीधे सुनना और उनका मौके पर ही समाधान सुनिश्चित करना है. साथ ही विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी से ग्रामीणों को अवगत कराना है ताकि अधिक से अधिक पात्र हितग्राही शासन की योजनाओं का लाभ उठा सकें.

समस्याओं के निराकरण के लिए मुख्यालय नहीं आना पड़ेगा

कलेक्टर नीतू माथुर ने एक-एक कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं. रात्रि चौपाल में ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं से संबंधित लिखित आवेदन प्रस्तुत किए. कलेक्टर ने समय-सीमा में सभी आवेदनों का निराकरण करने का विश्वास दिलाया और कहा कि निराकरण के बाद समीक्षा कर ग्रामीणों को अवगत कराया जाएगा. कलेक्टर ने ग्रामीणों से कहा कि इस तरह की बैठक हर माह आयोजित की जाएगी, जिससे ग्रामीणों को उनकी समस्या के निराकरण के लिए जिला मुख्यालय नहीं आना पड़ेगा.
ग्रामीणों द्वारा आवास योजना, पेयजल समस्या, समग्र आईडी सहित कई आवेदन दिए गए जिसके शीघ्र निराकरण के निर्देश सम्बन्धित अधिकारियों को दिए गए. सरकारी अस्पताल में डॉक्टर के नियमित नहीं बैठने की ग्रामीणों की शिकायत पर कलेक्टर ने नोटिस जारी करने के निर्देश दिए. उन्होंने पीएचई अधिकारी को क्षेत्र में भ्रमण कर पेयजल की समस्या का प्राथमिकता से निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.

रात्रि चौपाल में कई गांवों के लोग आए

कलेक्टर माथुर ने ग्रामीण जनों से संवाद कर विद्यालयों, आंगनवाड़ियों,अस्पताल, सीमांकन, नामांतरण, बंटवारा, उचित मूल्य दुकान समेत कई विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन की वस्तुस्थिति जानी. विभागीय अधिकारियों द्वारा एक-एक कर अपने अपने विभाग की योजनाओं की विस्तृत जानकारी ग्रामीणों को दी. साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना में हितग्राहियों की सूची का वाचन किया गया. रात्रि चौपाल के दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा लू/तापघात से बचाव के उपाय भी बताएं.

रात्रि चौपाल के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष हजरी बाई खरत, जिला पंचायत सीईओ संघमित्रा गौतम, जयपाल खरत, संयुक्त कलेक्टर एवं सोंडवा के अनुविभागीय अधिकारी मनोज गरवाल, डिप्टी कलेक्टर तपीस पांडे, समेत विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित रहे. रात्रि चौपाल में वालपुर और आसपास के क्षेत्र के गांवों के लोग भी आए.

ये भी पढे़ं: MP में सोशल मीडिया एक्स पर कई BJP जिलाध्यक्ष फिसड्डी! 50 फॉलोअर्स से भी कम, केंद्रीय मंत्री के जिले का भी बुरा हाल

ज़रूर पढ़ें