MP News: ‘आगे चोर, पीछे पुलिस’ वाली कहावत तो हम सुनते ही आ रहे हैं. लेकिन जौरा में नजारा कुछ अलग देखने को मिला है. जौरा थाने से वायरल हुए एक वीडियो में थाने के प्रभारी दर्शन शुक्ला कथित बाइक चोर गिरोह के सरगना लवकुश शर्मा के कंधों पर बैठकर अपना जन्मदिन मनाते नजर आ रहे हैं.
थाना परिसर में मनाया टीआई का जन्मदिन
बताया जा रहा है कि 28 फरवरी को थाना परिसर में टीआई का जन्मदिन धूमधाम से मनाया गया. वीडियो में माला पहनकर स्वागत और केक कटिंग के साथ ढोल-नगाड़ो के बीच चल रहा जश्न साफ दिखाई दे रहा है. इस दौरान लवकुश शर्मा टीआई को अपने कंधो पर बैठाकर घुमाता नजर आ रहा है और खुद भी नाचता नजर आ रहा है.
बाइक चोरी के मामले में किया था गिरफ्तार
गौरतलब है कि 12 जून 2025 को कोतवाली पुलिस ने लवकुश शर्मा को बाइक चोरी के मामले में गिरफ्तार किया था. आरोप है कि उसने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर करीब 13 लाख रुपए कीमत की 18 बाइकें चोरी की थीं. जमानत पर रिहा होने के बाद 12 जनवरी को उस पर अवैध बिजली पंप कनेक्शन काटने पहुंचे एई पुष्पेंद्र यादव और अन्य कर्मचारियों से मारपीट का आरोप भी लगा था.
पुलिस कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
इस केस में आरोपी पर कार्रवाई भी टीआई दर्शन शुक्ला के निर्देश पर की गई थी. इसमें टीआई का कहना है कि मुझे इन मामलों की जानकाी नहीं है. मामले में एएसपी डाबर के मुताबिक जांच कराई जा रही है. अब थाने से इस वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली और आपराधिक छवि वाले व्यक्तियों से नजदीकियों को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं.
ये भी पढे़ं- अवैध पशु परिवहन पर सख्त कार्रवाई, 5 दिनों में 241 गोवंश मुक्त करवाए; 19 आरोपी गिरफ्तार
