MP News: पन्ना में कुआं धंसने से बड़ा हादसा, मलबे में दबने से 5 मजदूरों की मौत

MP News: घटना में 7 मजदूर मलबे में दब गए. मजदूरों में से 5 की मौत हो गई, जबकि 2 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.
Accident in Panna as well collapses

पन्ना में कुआं धंसने से हादसा

MP News: मध्‍य प्रदेश के पन्ना जिले में कुएं की खुदाई के समय बड़ा हादसा हो गया. इस हादसे के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. अजयगढ़ जनपद के ग्राम बीहरपुरवा के नयापुरवा में मंगलवार सुबह अचानक कुएं की मिट्टी धंस गई. इस घटना में 7 मजदूर मलबे में दब गए. मजदूरों में से 5 की मौत हो गई, जबकि 2 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. जानकारी के अनुसार करीब 10 दिनों से खुदाई का काम चल रहा था, जो हादसे में बदल गया. इस घटना के बाद से ही पूर गांव में मातम छा गया.

PRO पन्ना ने की मौत की पुष्टि

हादसे के बाद पीआरओ पन्ना ने सोशल मी‍डिया पर पोस्‍ट करके मजदूरों की मौत की पुष्टि की है. पोस्‍ट में लिखा है कि पन्ना जिले के अजयगढ़ विकासखंड के ग्राम पंचायत बीहरपुरवा के नयापुरवा में मंगलवार को ग्राम पंचायत द्वारा निर्माणाधीन कुआं की मिट्टी धसकने की दुर्भाग्यपूर्ण घटना में पांच व्यक्तियों की मृत्यु हुई है. 2 व्यक्ति सकुशल बाहर निकल आए. मौका स्थल पर पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की टीम मौजूद है. एसडीईआरएफ की टीम द्वारा अब तक 2 शव निकाले गए हैं.

7 मजदूर कर रहे थे खुदाई का काम

मंगलवार सुबह खेत में चल रही कुएं की खुदाई अचानक दर्दनाक हादसे में बदल गई. बताया जा रहा है कि बिन्नू अहिरवार के खेत में पिछले करीब दस दिनों से सात मजदूर कुएं की खुदाई में जुटे हुए थे. सुबह लगभग 11 बजे काम के दौरान अचानक कुएं के ऊपर की मिट्टी भरभराकर नीचे गिर गई. हादसे के समय दो मजदूर पानी पीने के लिए ऊपर आ गए थे, जबकि पांच मजदूर अंदर काम कर रहे थे और देखते ही देखते मलबे में दब गए.

मौके पर पहुंची बचाव टीम

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई. स्थानीय ग्रामीण भी बचाव अभियान में सहयोग कर रहे हैं. भारी मात्रा में मिट्टी धंसने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में दिक्कतें आ रही हैं, लेकिन टीमें लगातार मलबा हटाकर मजदूरों तक पहुंचने की कोशिश में जुटी हुई हैं.

ये भी पढे़ं- मौत के बाद सीने पर रखी बाइबिल, 5 दिन तक जिंदा करने की कोशिश; शव में कीड़े पड़े, बदबू आई तो पड़ोसियों को पता चला

ज़रूर पढ़ें