Asaram Bapu Ujjain Visit: नाबालिग से यौन शोषण के मामले में जोधपुर जेल में उम्रकैद की सजा काट रहे आसाराम बापू एक बार फिर मध्य प्रदेश के उज्जैन में दिखाई दिए हैं. हाईकोर्ट से पैरोल मिलने के बाद वे सीधे उज्जैन पहुंचे हैं और यहां शासकीय धन्वंतरि आयुर्वेदिक चिकित्सालय में अपना इलाज करा रहे हैं.सूत्रों के मुताबिक आसाराम पिछले दो दिनों से लगातार अस्पताल आ रहे हैं. यहां आयुर्वेद की प्रसिद्ध पंचकर्म पद्धति से उनका उपचार किया जा रहा है.
आसाराम बापू का चल रहा ट्रीटमेंट
अस्पताल के डॉक्टर नरेंद्र मिश्रा की देखरेख में उनका ट्रीटमेंट चल रहा है. बताया जा रहा है कि गुरुवार सुबह आसाराम का काफिला कड़ी सुरक्षा के बीच धन्वंतरि अस्पताल पहुंचा था, जहां वे करीब डेढ़ घंटे तक रुके. शुक्रवार को भी उनके अस्पताल आने का शेड्यूल है.अस्पताल प्रबंधन के अनुसार आसाराम को करीब एक सप्ताह तक रोजाना पंचकर्म कराने के लिए अस्पताल आना होगा.
यह भी पढ़ें:-सीधी में महुआ से बन रहे लड्डू, एक समय इसी से बनती थी शराब! भोपाल से लेकर इंग्लैंड बढ़ी डिमांड
2025 में भी यहीं दिखे थे
इससे पहले मार्च 2025 में भी वे इसी अस्पताल में इलाज के लिए आए थे. तब भी उन्होंने आयुर्वेदिक पद्धति से स्वास्थ्य लाभ लिया था. इस बार भी वे शरद पूर्णिमा तक उज्जैन में ही रुक सकते हैं.उधर, आसाराम के उज्जैन आने की खबर फैलते ही अंकपात रोड स्थित उनके आश्रम में हलचल तेज हो गई है. बड़ी संख्या में उनके अनुयायी और समर्थक आश्रम पहुंचने लगे हैं.
आश्रम के बाहर भीड़
आश्रम के बाहर भीड़ देखी जा रही है. हालांकि पुलिस और प्रशासन भी अलर्ट मोड पर है.गौरतलब है कि आसाराम बापू को राजस्थान के जोधपुर की अदालत ने नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी. वे लंबे समय से जेल में बंद हैं, लेकिन खराब सेहत का हवाला देकर समय-समय पर पैरोल और जमानत पर बाहर आते रहे हैं. हर बार वे इलाज के लिए उज्जैन के इस आयुर्वेदिक अस्पताल को ही चुनते हैं.
