BJP MP Offers Mahakaleshwar Prayers: दिल्ली से भाजपा सांसद और भोजपुरी अभिनेता मनोज तिवारी शुक्रवार को उज्जैन पहुंचे, जहां उन्होंने बाबा महाकाल के दरबार में पहुंचकर दर्शन और पूजन किया. इस दौरान उज्जैन सांसद अनिल फिरोजिया भी उनके साथ मौजूद रहे. महाकाल मंदिर में दर्शन के दौरान मनोज तिवारी भक्तिभाव में नजर आए और उन्होंने भगवान महाकाल का जलाभिषेक भी किया.
इस दौरान मनोज तिवारी ने कहा कि महाकाल के दर्शन का सुख शब्दों में बयां करना मुश्किल है. महाकाल की कृपा से देश और मध्य प्रदेश की गति इसी तरह बनी रहे, देश के लिए सोचने वाले लोग आगे बढ़ते रहें और देश का नुकसान करने वाले षड्यंत्रकारी भस्म होते रहें.
‘AI के दौर में डिजिटल मीडिया की जिम्मेदारी बढ़ी’
मनोज तिवारी ने कहा कि आज के दौर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के जरिए किसी व्यक्ति के बयान को उल्टा-पुल्टा दिखाया जा सकता है. ऐसे में डिजिटल मीडिया की जिम्मेदारी है कि उसके माध्यम से प्रसारित होने वाली खबर प्रमाणिक हो. उन्होंने लोगों से एआई के जरिए फैलाए जाने वाले भ्रामक कंटेंट से सावधान रहने की अपील की. इस दौरान उन्होंने देश की आर्थिक प्रगति और एथेनॉल के मुद्दे पर भी विपक्ष पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि देश को आत्मनिर्भर बनाने की कोशिशों को लेकर भ्रम फैलाया जा रहा है.
‘हर युग में राक्षस होते हैं’: मनोज तिवारी
कांवड़ यात्रियों को लेकर कथित विवादित बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए मनोज तिवारी ने कहा कि हर युग में राक्षस होते हैं. उन्होंने कहा कि कांवड़ उठाने की ताकत है तो कुछ दूर कांवड़ लेकर चलकर देखना चाहिए, तब पता चलेगा कि कांवड़ यात्रा कितनी कठिन होती है. उन्होंने धार्मिक उदाहरण देते हुए कहा कि राक्षस पैदा होते रहे हैं और उनका अंत भी होता रहा है.
जनादेश का सम्मान करना चाहिए
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की चुनावी हार से जुड़े सवाल पर मनोज तिवारी ने कहा कि लोकतंत्र में जनता का जनादेश सर्वोपरि है. जो चुनाव जीतने के बाद झुक जाता है, वह संस्कारी होता है, जबकि जीत के बाद भी अहंकार या गाली-गलौज करने वाला व्यक्ति अहंकारी होता है. उन्होंने कहा कि जनता कभी किसी को ऊपर उठाती है तो कभी नीचे भी करती है, इसलिए सभी को जनादेश का सम्मान करना चाहिए.
ये भी पढ़ेंः हद हो गई लापरवाही की! सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय ने छात्रों को बांटे 100% से भी ज्यादा नंबर
मनोज तिवारी ने कहा कि चुनाव में हार की पार्टी स्तर पर समीक्षा की जाएगी, लेकिन जनादेश आने के बाद उसे स्वीकार करना लोकतंत्र की परंपरा है. इस दौरान उन्होंने कहा, “दुनिया पूछे सौ सवाल, जोगी तेरा क्या है हाल… मुस्कुरा के बस कह दूं, मैं महाकाल की कृपा है.”
