लव मैरिज स्वीकार नहीं… नाराज परिजनों ने जिंदा बेटी का कर दिया ‘अंतिम संस्कार’, कहा- आज से हमारे लिए मर गई

Ujjain Love Marriage Dispute: युवती का अंतिम संस्कार करने के बाद परिजनों ने फैसला लिया कि बेटी से अब किसी प्रकार का कोई रिश्ता नहीं रहेगा. बड़ी बहन ने कहा कि परिवार का यह फैसला उन लड़कियों के लिए भी है, जो बिना परिवार की सहमति के खिलाफ जाकर विवाह कर लेती हैं.
Ujjain Love Marriage Dispute

उज्जैन में बेटी का जीते जी कर दिया अंतिम संस्कार

Family Performs Living Daughter Funeral: मध्य प्रदेश के उज्जैन में एक परिवार ने अपनी बेटी का जीते जी अंतिम संस्कार की सारी रस्में निभाई. जानकारी के अनुसार, परिवार बेटी के लव मैरिज से नाराज था. जिसकी वजह से यह फैसला लिया. जब इस घटना की जानकारी लोगों को लगी तो सब हैरान रह गए. इसके साथ ही परिवार ने बेटी के साथ सभी रिश्ते खत्म करने का ऐलान कर दिया.

यह मामला उज्जैन के खाचरौद नगर के नरसिंह मंदिर क्षेत्र का है. परिजनों के मुताबिक, उनकी बेटी कोमल प्रजापत ने परिवार की मर्जी के खिलाफ जाकर अंतरजातीय विवाह कर लिया. जिससे परिवार को समाज में बेइज्जती का सामना करना पड़ा. इस दौरान बेटी को खूब समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन उसने एक न सुनी. इसकी शिकायत पुलिस से भी की. लेकिन उसने पुलिस के सामने अपने परिवार को ही पहचानने से इनकार कर दिया. जब कोमल ने पुलिस के सामने अपने परिवारजनों को पहचानने से इनकार कर दिया, तो यह बात परिजनों को आहत कर गई. जिसके बाद बेटी से रिश्ता खत्म करने का फैसला लिया.

भावुक नजर आए पिता और भाई

जानकारी के अनुसार, युवती की उम्र 18 वर्ष 2 माह थी, जो पेशे से मेकअप आर्टिस्ट थी. वहीं युवती की बड़ी बहन ने बताया कि जब कोमल ने परिवार की बात नहीं मानी, तो सामाजिक रीति-रिवाज के अनुसार उसे घर से बेदखल करने एक निर्णय लिया गया है. उसकी तस्वीर का प्रतीकात्मक अंतिम संस्कार कर व अन्य पारंपरिक रस्मे की गई. बता दें, इस दौरान कोमल के पिता और दोनों भाई भावुक नजर आए.

ये भी पढ़ेंः महाकाल अन्नक्षेत्र में अब मिलेगा दक्षिण भारतीय प्रसाद, सप्ताह में दो दिन श्रद्धालुओं को परोसी जाएंगी खास डिशेज

युवती का अंतिम संस्कार करने के बाद परिजनों ने फैसला लिया कि बेटी से अब किसी प्रकार का कोई रिश्ता नहीं रहेगा. बड़ी बहन ने कहा कि परिवार का यह फैसला उन लड़कियों के लिए भी है, जो बिना परिवार की सहमति के खिलाफ जाकर विवाह कर लेती हैं और बाद में अपने माता-पिता से रिश्ते तोड़ लेती हैं. फिलहाल, इस मामले की हर जगह खूब चर्चा हो रही है.