मध्य प्रदेश की मोहन यादव सरकार में कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय हमेशा अपने बयानों को लेकर चर्चा में रहते हैं. हाल ही में उन्होंने एक बार फिर से ऐसा बयान दिया है, जिसकी चर्चा चारों तरफ हो रही है. आगर मालवा जिले में सुसनेर नगर परिषद अध्यक्ष पद के उपचुनाव को लेकर चुनावी प्रचार के दौरान भाजपा प्रत्याशी प्रदीप सोनी के लिए वोट मांगने पहुंचे कैलाश विजयवर्गीय ने कांग्रेस को घेरते हुए बड़ा बयान दिया.
कांग्रेस प्रत्याशी जीता तो ‘घंटी’ मिलेगी – कैलाश विजयवर्गीय
उन्होंने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा को जिताया तो विकास मिलेगा, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी जीता तो ‘घंटी’ मिलेगी. चूंकि कैलाश विजयवर्गीय नगरीय प्रशासन विभाग के मंत्री हैं, इसलिए उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी की ओर इशारा करते हुए कहा- ‘ये आएंगे तो इन्हें एक बॉक्स दूंगा कि इसे सुसनेर में जाकर खोलना.’
उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी पर निशाना साधते हुए कहा ‘अगर ये गलती से जीतकर आ गए और बॉक्स खोलेंगे तो उन्हें मिलेगी एक घंटी, बजाने के लिए.’ इसके बाद मंत्री ने सभा में मौजूद लोगों से कहा कि अब आपको तय करना है कि आपको विकास करना है या फिर घंटी बजवानी है. घंटी बजवानी है तो भेज दो कांग्रेस का.’ मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का ये बयान चारों तरफ चर्चा का केंद्र बना हुआ है.
कांग्रेस ने जताई आपत्ति
दूसरी तरफ मंत्री के इस बयान पर कांग्रेस ने आपत्ति जताई है. कांग्रेस इसे मतदाताओं के सीधे दी गई धमकी बता रही है. इतना ही नहीं, पार्टी ने इस बयान को मंत्री का अहंकार और घनघोर घमंड करार दिया है.
इससे पहले इंदौर में एक कार्यक्रम के दौरान सार्वजनिक मंच से वार्ड नंबर 6 की महिला पार्षद संध्या यादव को लेकर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने एक टिप्पणी की थी. जिसमें उन्होंने कहा था कि ‘संध्या दीदी की भी चौड़ाई बढ़ गई है थोड़ी सी.’ हालांकि, बाद में मंत्री ने अपने इस बयान के लिए सार्वजनिक रूप से माफी भी मांग ली थी.
ये भी पढ़ें-स्वच्छता और सैनिटेशन में मॉडल बनेंगे MP के शहर, PRAGATI-50 पहल में शामिल भोपाल, इंदौर और उज्जैन
