Vistaar NEWS

आंखों में मिर्ची झोंकी, फिर बरसाए लाठी-डंडे, नीमच में जमीन विवाद में भाई की हत्या, परिजनों ने किया चक्काजाम

neemuch man kills brother over land dispute

नीमच: जमीन विवाद में भाई की हत्या

Neemuch News: (बबलू किलोरिया की रिपोर्ट) नीमच जिले की जावद तहसील के कानका गांव में बुधवार सुबह जमीन की रंजिश में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. यहां बरसों पुराने जमीन विवाद में एक सगे भाई ने इंसानियत की सारी हदें पार करते हुए बाहरी गुंडों के साथ मिलकर अपने ही भाई की बेरहमी से हत्या कर दी. इस बर्बर हमले में मृतक की पत्नी और बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए हैं.

पहले मिर्ची झोंकी, फिर लाठी-डंडों से की पिटाई

आरोपी रामनिवास ने अपने भाई को रास्ते से हटाने के लिए बकायदा बाहरी बदमाशों को बुलाया था. हमलावर पूरी तैयारी के साथ हथियारों से लैस होकर आए थे. उन्होंने पूरणमल तेली और उनके परिवार की आंखों में सूखी लाल मिर्च का पाउडर झोंक दिया. जब पीड़ित बेबस हो गए, तो उन पर धारदार हथियारों और लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ वार किए गए. हमले में पूरणमल की मौके पर ही तड़प-तड़पकर मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी संपत बाई को गंभीर हालत में उदयपुर रेफर किया गया है. वहीं, बेटे जीवन का श्रीराम अस्पताल में इलाज जारी है.

परिजनों ने किया चक्काजाम

इस खौफनाक वारदात के बाद पूरे इलाके में भारी तनाव है. पुलिस प्रशासन पर लापरवाही के आरोप लगाते हुए आक्रोशित परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया और कैंट थाने के समीप शहरी हाईवे पर चक्काजाम कर दिया. परिजनों की मांग है कि आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए और उनके अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाया जाए.

ये भी पढ़ें: MP News: फर्जी ड्रग्स केस में फंसे MP पुलिस के अफसर और जवान! राजस्‍थान में दर्ज हुई 2 टीआई समेत 100 पुलिसवालों पर FIR

चक्काजाम के कारण हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिसके बाद कैंट थाना प्रभारी सौरभ शर्मा और पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर रूट डायवर्ट किया और परिजनों को समझाने का प्रयास किया. परिजनों का कहना है कि अगर पुलिस ने पुरानी शिकायतों पर समय रहते कार्रवाई की होती, तो आज पूरणमल की जान बच सकती थी.

Exit mobile version