Input- जफर अली
MP News: धार स्थित भोजशाला परिसर को मंदिर घोषित किए जाने के बाद अब सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होगी. मुस्लिम पक्ष की तरफ से दी गई याचिकाओं को सुप्रीम कोर्ट ने मंजूर कर लिया है. सभी पिटीशन पर कल यानी मंगलवार को सुबह साढ़े साथ बजे एक साथ सुनवाई होगी. मौलाना कमाल वेलफेयर सोसाइटी, हाजी मुनीर अहमद साहब और काजी मोईनुद्दिन खादिम साहब की तरफ से ये याचिकाएं लगाई गई हैं.
सलमान खुर्शीद, अभिषेक मनु सिंघवी मुस्लिम पक्ष की तरफ से करेंगे बहस
धार की ऐतिहासिक बहुचर्चित भोजशाला मामले में कल सुप्रीम कोर्ट में मुस्लिम पक्ष की याचिका CLP पर अहम सुनवाई होगी. याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई की तारीख 14 जुलाई दी थी. इसके बाद दो अन्य याचिकाओं पर मेंशन मांगा गया था. जिसे चीफ जस्टिस सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी मोहना की सुप्रीम कोर्ट की बेंच ने मंजूर कर लिया.
मुस्लिम पक्ष की तरफ से कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद, अभिषेक मनु सिंघवी, हुजेफा अहमदी, मीनाक्षी अरोरा समेत 4 सीनियर वकील याचिकाओं पर बहस करेंगे.
15 मई को हाई कोर्ट ने सुनाया था आदेश
भोजशाला विवाद में मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने 15 मई को फैसला सुनाया था. हिंदू पक्ष में फैसला सुनाते हुए कोर्ट ने भोजशाला परिसर को मां वाग्देवी सरस्वती का मंदिर माना था. हिंदुओं को विधिवत पूजा करने की इजाजत दी थी. इसके साथ ही एएसआई के साल 2003 के उस आदेश को भी रद्द कर दिया था, जिसमें मुस्लिम पक्ष को नमाज अदा करने की अनुमति दी थी.
हिंदू पक्ष ने दाखिल की कैविएट
सुप्रीम कोर्ट में दोनों पक्षों की तरफ से याचिका दी गई है. जहां मुस्लिम पक्ष ने हाई कोर्ट के मंदिर बताने वाले फैसले के खिलाफ याचिका दी है, वहीं हिंदू पक्ष की तरफ से पहले ही कैविएट दाखिल की जा चुकी है. मुस्लिम पक्ष की याचिका को संभावना को देखते हुए हिंदू पक्ष की तरफ से कैविएट लगाई गई थी, जिससे कि कोई भी फैसला सुनाए जाने से पहले पक्षकार बनाया जाए.
