Vistaar NEWS

जीतू पटवारी की साइक्लोथॉन यात्रा में पहुंच गए जेबकतरे! देवास में कांग्रेस नेता की जेब से 25 हजार चोरी

Theft from Congress leader's pocket during Jitu Patwari's cyclothon journey.

जीतू पटवारी की साइक्लोथॉन यात्रा में कांग्रेस नेता की जेब से चोरी.

Input- अमित

MP News: प्रदेश कांग्रेस द्वारा इंदौर से शुरू की गई साइक्लोथॉन यात्रा मंगलवार को देवास पहुंची. यात्रा का नेतृत्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने किया. उनके साथ पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता भी शामिल रहे. देवास आगमन पर रसलपुर से भोपाल चौराहे तक 50 से अधिक स्वागत मंचों पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने यात्रा का जोरदार स्वागत किया.

‘शिक्षा सबसे बड़ी जरूरत, सरकार प्राथमिकता दे’

देवास में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए जीतू पटवारी ने कहा कि कांग्रेस देशभर में शिक्षा के अधिकार को लेकर जन-जागरूकता अभियान चला रही है. उन्होंने कहा कि पार्टी की मांग है कि प्रदेश और देश में केजी से पीजी तक मुफ्त शिक्षा लागू की जाए, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर और मध्यम वर्गीय परिवारों के बच्चों को समान अवसर मिल सके. उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा सबसे बड़ी आवश्यकता है और सरकार को इसे प्राथमिकता देनी चाहिए.

पटवारी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में कई प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक हुए हैं. उन्होंने दावा किया कि इन मामलों में बार-बार भाजपा से जुड़े लोगों के नाम सामने आए हैं. उनके अनुसार, पेपर लीक की घटनाओं के कारण कई परीक्षाएं रद्द करनी पड़ीं, जिससे लाखों विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हुआ.

केंद्रीय मंत्री शिक्षा प्रधान के इस्तीफे का मांग

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने मध्य प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि राज्य में पिछले 25 वर्षों से भाजपा की सरकार होने के बावजूद गरीब और मध्यम वर्ग के बच्चों को सरल और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध नहीं हो पा रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा विभाग में लगभग 50 प्रतिशत पद रिक्त हैं, जिससे शिक्षा व्यवस्था प्रभावित हो रही है.

पटवारी ने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस लगातार मुख्यमंत्री से विभिन्न मुद्दों पर सवाल पूछ रही है, लेकिन कोई जवाब नहीं मिल रहा. उन्होंने कहा कि साइक्लोथॉन यात्रा का उद्देश्य प्रदेश की जनता तक यह संदेश पहुंचाना है कि हर परिवार के बच्चों को केजी से पीजी तक मुफ्त शिक्षा का अधिकार मिलना चाहिए. उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफे की मांग भी दोहराई.

स्वागत के दौरान कांग्रेस नेताओं की जेब कटी

यात्रा के दौरान विकास नगर चौराहे पर स्वागत कार्यक्रम के बीच जेबकतरों ने कई लोगों को निशाना बनाया. कांग्रेस नेता चंद्रपाल सिंह सोलंकी की जेब से करीब 25 हजार रुपये चोरी हो गए. इसके अलावा कुछ अन्य लोगों की जेब भी कटने की जानकारी सामने आई. घटना के बाद पीड़ितों ने औद्योगिक थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.

देवास में मंच से भाषण के दौरान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष पटवारी ने बयान देते हुए कहा कि मैं आज मां चामुंडा मां तुलजा भवानी की नगरी में आया हूं और मैं वचन देता हूं कि इस सरकार में जो भ्रष्टाचार हुआ है और उसे भ्रष्टाचार में जो भी मंत्री और नेता शामिल हुए हैं. उनके खिलाफ जब हमारी सरकार बनेगी तो जांच की जाएगी और उन पर कार्रवाई भी की जाएगी.

देवास सीमा में पहुंचते ही जगह-जगह हुए स्वागत

जीतू पटवारी की साइकिल यात्रा जैसे देवास पहुंची तो देवास शिप्रा रसलपुर चौराहे विकास नगर सैंया जी द्वारा भोपाल चौराहे पर पहुंची. जहां कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य स्वागत किया गया यात्रा में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष मनोज राजधानी पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा महिला मोर्चा कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष शाहिद सैकड़ो कार्यकर्ता मौजूद रहे.

ये भी पढ़ें: ऐसी वफादारी, जिसने सभी को रुला दिया, मालिक की मौत के बाद चिल्ला-चिल्लाकर डुग्गू ने भी दम तोड़ दिया; एक साथ उठी अर्थी

Exit mobile version