Vistaar NEWS

Nag Panchami 2026: भगवान नागचंद्रेश्वर के कपाट आज रात 12 बजे खुलेंगे, 24 घंटे नॉनस्टॉप होंगे दर्शन

Nagchandreshwar (File Photo)

नागचंद्रेश्वर(File Photo)

Nag Panchami 2026: नागपंचमी का त्योहार 17 अगस्त को मनाया जाएगा. इस बार विशेष संयोग बन रहा है. सावन का तीसरा सोमवार भी इस दिन पड़ रहा है. उज्जैन स्थित महाकालेश्वर मंदिर परिसर में स्थित भगवान नागचंद्रेश्वर मंदिर के कपाट आज आधी रात में खोल दिए जाएंगे. देश और विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं.

24 घंटे नॉन स्टॉप दर्शन होंगे

महाकाल मंदिर की तीसरी मंजिल में स्थित नागचंद्रेश्वर मंदिर के कपाट साल में एक बार नागपंचमी के दिन खुलते हैं. 16 अगस्त की रात 11.30 बजे पूजन प्रक्रिया शुरू होगी. इसके बाद श्री पंचायती महानिर्णावी अखाड़े के महंत विनीत गिरि महाराज रात 12 बजे भगवान नागचंद्रेश्वर की पूजा अर्चना करेंगे. इस दौरान मंदिर प्रबंध समिति के जिम्मेदार अधिकारी मौजूद रहेंगे. प्रथम पूजन के बाद मंदिर आम भक्तों के लिए खोल दिए जाएंगे. मंदिर में 24 घंटे नॉनस्टॉप दर्शन होंगे.

तीन बार होगी पूजा

नागपंचमी पर्व के अवसर पर नागचंद्रेश्वर मंदिर में तीन बार पूजा-अर्चना होगी. पहली पूजा 16 अगस्त को मंदिर के पट खुलने के दौरान होगा. दूसरी पूजा 17 अगस्त को दोपहर 12 बजे होगी. इसके बाद तीसरी पूजा बाबा महाकालेश्वर की संध्या आरती के बाद की जाएगी.

ये भी पढ़ें: Ujjain News: स्वतंत्रता दिवस पर बाबा महाकाल का तिरंगा स्वरूप में विशेष श्रृंगार, भस्म आरती में गूंजे जयकारे

शीघ्र दर्शन की व्यवस्था भी की गई है

हर साल लाखों की संख्या में श्रद्धालु भगवान नागचंद्रेश्वर के दर्शन के लिए पहुंचते हैं. सामान्य दर्शन के साथ-साथ शीघ्र दर्शन की व्यवस्था भी की गई है. आधिकारिक वेबसाइट पर स्लॉट बुक करके मंदिर पहुंच सकते हैं. महाकालेश्वर और नागचंद्रेश्वर मंदिर में दर्शन के लिए अलग-अलग व्यवस्था की गई है और एंट्री गेट भी निर्धारित किए गए हैं.

Exit mobile version