घोड़ा 17 हजार में बिका, गधे ने 26 हजार में मारी बाजी, उज्जैन पशुधन मेले में हुए दिलचस्प सौदे
उज्जैन मेले में घोड़े से महंगा बिका गधा
Ujjain News: उज्जैन में नगर निगम की ओर से आयोजित परंपरागत पशुधन मेले में मंगलवार को पशुओं की खरीद-बिक्री के दौरान कई दिलचस्प सौदे हुए. मेले में घोड़ा 17 हजार रुपये, खच्चर 25 हजार रुपये और गधा 26 हजार रुपये में बिका. खास बात यह रही कि गधे की कीमत घोड़े और खच्चर, दोनों से अधिक रही. विभिन्न स्थानों से आए पशु व्यापारियों और पशुपालकों की मौजूदगी में आयोजित मेले का समापन महापौर मुकेश टटवाल और समिति संयोजक कैलाश प्रजापत की उपस्थिति में हुआ.
खरीद-बिक्री को बढ़ावा देने के लिए व्यापारियों का सम्मान
मेले के दौरान नगर निगम ने पशु व्यापार को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से क्रेता-विक्रेताओं का स्वागत और सम्मान किया. इस अवसर पर व्यापारियों को 5100 रुपये की प्रोत्साहन राशि के प्रतीकात्मक चेक भी भेंट किए गए.
तीन सौदों में गधे की कीमत सबसे ज्यादा
मेले में पहला प्रमुख सौदा शांति नगर निवासी गुड्डू काका ने किया. उन्होंने जानसापुरा निवासी गजानंद से 17 हजार रुपये में घोड़ा खरीदा. इसके बाद भोपाल निवासी नर्मदा ने श्याम गुर्जर से 25 हजार रुपये में खच्चर का सौदा किया. वहीं, राजू भाई ने कन्हैया प्रजापति से 26 हजार रुपये में गधा खरीदा. इन तीनों सौदों में गधे की कीमत सबसे अधिक रही.
500 से ज्यादा पशु लेकर पहुंचे सुरेश कालू गुजराती
मेले में सुरेश कालू गुजराती 500 से अधिक पशुओं के साथ पहुंचे थे. उनके योगदान को देखते हुए नगर निगम ने विशेष रूप से सम्मानित किया. वहीं, स्वच्छ, स्वस्थ एवं सुंदर पशु प्रतियोगिता के तहत घोड़ों, खच्चरों और गधों की खरीद-बिक्री करने वाले व्यापारियों को 5100 रुपये की प्रोत्साहन राशि के प्रतीकात्मक चेक प्रदान किए गए.
परंपरागत पशु व्यापार को मिला मंच
नगर निगम का यह मेला पशुपालकों और व्यापारियों के लिए खरीद-बिक्री का एक महत्वपूर्ण मंच रहा. इसमें अलग-अलग स्थानों से आए व्यापारियों को अपने पशुओं के सौदे करने का अवसर मिला. मेले के समापन कार्यक्रम में पार्षद छोटेलाल मंडलोई, सहायक आयुक्त प्रफुल्ल गठरे सहित कई पशु मालिक और व्यापारी मौजूद रहे.



