Ujjain Hanuman Mandir: मध्यप्रदेश के उज्जैन से बड़ी खबर आ रही है. एक तरफ तो प्रशासन द्वारा सड़क चौड़ी करने के लिए खड़े हनुमान मंदिर का ढांचा तोड़ दिया गया है. वहीं दूसरी तरफ शहर में आज शाम मंदिर के बाहर हनुमान अंश मूवी दिखाई जाएगी. आज रात 8 बजे से बड़ी स्क्रीन लगा कर भक्तों को फिल्म दिखाई जाएगी.
आज दिखाई जाएगी हनुमान अंश मूवी
बता दें शहर में आज शाम मंदिर के बाहर हनुमान अंश मूवी दिखाई जाएगी. रात 8 बजे से बड़ी स्क्रीन लगा कर भक्तों को मूवी दिखाई जाएगी. भले ही मूवी आज रात को दिखाई जाएगी पर भक्त अभी से इकट्ठा हो गए हैं. वहीं विश्व हिंदू परिषद के मालवा प्रान्त के संगठन मंत्री खगेन्द्र भार्गव ने खड़े हनुमान मंदिर में दर्शन कर आशीर्वाद लिया. भार्गव ने मन्दिर की प्रतिमा के चारों तरफ निरीक्षण भी किया. आस्था विश्वास श्रद्धा के साथ भक्तों का हुजूम उमड़ रहा है.
विश्व हिंदू परिषद मालवा प्रांत मंत्री विनोद शर्मा व मालवा प्रान्त के संगठन मंत्री खगेन्द्र भार्गव ( भगवा रंग का दुपट्टा पहने) ने कहा जैसे उज्जैन महाकाल मंदिर , हरसिद्धि माता , कॉल भैरव , संदीपनि आश्रम , गढ़कालिका है वैसे ही खड़े हनुमान जी भव्य तीर्थ स्थल होगा हमारी उज्जैन के सन्त समाज व प्रशासन से चर्चा होगी जो भी उचित होगा वो निर्णय लिया जाएगा. विश्व हिन्दू परिषद कभी हिंदू मन्दिरों के खिलाफ खड़ा नही हुआ है न ही आगे होगा हम विकास में बाधा उत्पन्न नही होने देंगे लेकिन आस्था पर ठेस पहुंचाई वो हम मंजूर नही.
मंदिर के बाहर लगा भक्तों का तांता
आज सुबह से ही भक्तों का तांता लगा है भक्तों का कहना है प्रशासन हनुमान जी की सेवा में लग जाए. अगर हनुमान जी की इच्छा होगी यहां से हटने की तो वह राम जी जाने और अगर नहीं हटना है तो वे नहीं हटेंगे प्रशासन को माफी मांग लेनी चाहिए.
सिंहस्थ के लिए हो रहा चौड़ीकरण का काम
कंठाल चौराहे से गोपाल मंदिर तक सड़क को 15 मीटर चौड़ा करने का काम चल रहा है. इसी दायरे में आने वाले खड़े हनुमान मंदिर का ढांचा तोड़ दिया गया, लेकिन मूर्ति को हटाने में प्रशासन के पसीने छूट गए. जेसीबी और क्रेन से करीब 6 दिन तक कोशिश की गई, पर प्रतिमा अपनी जगह से हिली तक नहीं. जिसके बाद अब प्रशासन ने एक्सपर्ट्स की मदद लेने का फैसला किया है.नगर निगम ने अब IIT इंदौर की टीम को बुलाया है.
भव्य मंदिर बनाने की मांग की
यह मामला सिर्फ सड़क चौड़ीकरण का नहीं रहा, बल्कि आस्था का बड़ा केंद्र बन गया है. महामंडलेश्वर आचार्य शेखर ने दर्शन कर मांग की है कि प्रशासन अपनी जिद छोड़े और यहीं पर भव्य मंदिर बनाया जाए. स्थानीय लोग खड़े हनुमान को ‘डॉक्टर हनुमान’ और इस मंदिर को ‘उज्जैन का एम्स’ कहते हैं. मान्यता है कि यहां संतान प्राप्ति और बीमार बच्चों की मन्नतें पूरी होती हैं। इसलिए प्रतिमा के न हिलने को भक्त चमत्कार और भगवान का संकेत मान रहे हैं.
ये भी पढे़ंः सागर में जहरीली शराब से कितनी मौतें? मंत्री ने बताए 19 मृतकों के नाम, पटवारी का 50 मौतों का दावा, आंकड़ों पर सियासत!
