Ujjain News: मध्यप्रदेश के उज्जैन जिले से हैरान कर देने वाला मामला सामने आ रहा है. यहां के नागदा में भारत कॉमर्स स्कूल (BCI) के प्राचार्य डॉ. कुंजबिहारी गुप्ता पर बच्चों के साथ अमानवीय व्यवहार और मारपीट के गंभीर आरोप लगे हैं.शुक्रवार को सामने आए वीडियो में प्राचार्य बच्चों को मुर्गा बनाकर उछलकूद करवाते नजर आ रहे हैं. इसके बाद प्राचार्य ने आर भी शर्मनाक हरकत की.
डगमगाने पर बच्चों को मारी लात
प्राचार्य यहां तक नहीं रुके, आरोप है कि डगमगाने पर बच्चों को लात मारी गई और कांटेदार डंडे से भी पीटा गया. मामला 9वीं-10वीं के आधा दर्जन से अधिक बच्चों से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है. इसमें एक छात्र को चोट भी आई है. पीड़ित छात्र के पिता दिनेश सिसौदिया ने बिरलाग्राम थाने पहुंचकर प्राचार्य के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई और कार्रवाई की मांग की. पिता का आरोप है कि होमवर्क की कॉपी नहीं लाने पर उनके बेटे को सजा दी गई.
प्राचार्य ने दी सफाई
पीड़ित छात्र के पिता का यह भी आरोप है कि,एक दिन पहले भी प्राचार्य ने पड़ोसी के घर उनके सामने बेटे और एक अन्य बच्चे के साथ मारपीट की थी. वहीं, प्राचार्य डॉ. गुप्ता ने लात मारने के आरोप से इनकार करते हुए कहा कि उन्होंने बच्चों को ऊंचा किया था. उन्होंने पूरे घटनाक्रम को उन्हें स्कूल में काम नहीं करने देने की साजिश बताया है.
पहले भी विवादों में रह चुके हैं प्राचार्य
यह पहली बार नहीं है जब प्राचार्य जी विवादों में आए हों. इससे पहले भी जुलाई 2025 से स्कूल में पदस्थ प्राचार्य पर करीब 11 महीने पहले बच्चों के बाल काटने के आरोप भी लगे थे. तब समिति ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की थी. अब दोबारा मामला सामने आने पर स्कूल प्रबंधन की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं. समिति उपाध्यक्ष सुल्तान सिंह शेखावत ने चार्जशीट के आधार पर कार्रवाई की बात कही है. थाना प्रभारी जितेंद्र पाटीदार ने भी जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया है
