Ujjain Shahi Masjid: उज्जैन की शाही मस्जिद के एक हिस्से को हटाने के लिए सोमवार (28 सितंबर) को अमला पहुंचा था. पुलिस और प्रशासन की टीम पर उपद्रवियों ने पथराव कर दिया था. इसके बाद मामला शांत हो गया था. पुलिस ने भीड़ को दूर खदेड़ दिया था. इसके बाद फिर से पुलिस पर पथराव किया गया, इसके जवाब में लाठीचार्ज किया.
उज्जैन शहर काजी ने की शांति की अपील
उज्जैन शहर काजी खलिकुर्रहमान ने शांति की अपील करते हुए कहा कि मस्जिद से संबंधित मसला रात में ही हल हो गया था. ऐसी कोई बात नहीं है, जिसके कारण किसी को बाहर निकलने की आवश्यकता हो. उन्होंने आगे कहा कि जिस कार्य के लिए सहमति बनी है. वह पूरा किया जा रहा है और संबंधित लोग अपना काम कर रहे हैं , लिहाजा किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें. अफवाहों के कारण घरों से बाहर न निकलें. शांति बनाए रखें तथा अपने घरों में ही रहें.
आसपास के बाजार बंद
तनावग्रस्त इलाकों के सभी स्कूलों की छुट्टी कर दी गई है. इसके साथ ही छतरी चौक, सती गेट, सराफा, लखेरवाड़ी, ढाबा रोड और गोपाल मंदिर के आसपास के बाजार पूरी तरह बंद कर दिए गए हैं. संभागायुक्त आशीष सिंह ग्राउंड पर मौजूद हैं. उनके साथ-साथ पुलिस विभाग के बड़े-बड़े अधिकारी भी उपस्थित है. लोगों से शांति बनाए रखने की अपील भी की जा रही है. मस्जिद के आसपास बैरिकेडिंग की गई है.
मस्जिद का हिस्सा हटाने का काम जारी
बवाल के बीच शाही मस्जिद के 15 फीट हिस्से को हटाने का काम जारी है. दरअसल, साल 2028 में उज्जैन में सिंहस्थ होना है. इसके लिए रास्तों का चौड़ीकरण किया जा रहा है. कंठाल चौराहे से गोपाल मंदिर तक 900 मीटर की सड़क को 15 मीटर चौड़ा किया जाना है. मस्जिद भी इसी मार्ग में आ रही है.
ये भी पढ़ें: CM मोहन यादव ने अपने पुश्तैनी घर पर खुद चलाई कुदाल, हुए भावुक, बोले- उज्जैन ने आदर्श उदाहरण पेश किया
कांग्रेस विधायक ने की शांति की अपील
उज्जैन में हुए लाठीचार्ज और आंसू गैस के प्रयोग पर कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद ने कहा कि प्रशासन ये नहीं करना चाहिए था. इसके साथ ही उन्होंने लोगों से अपील की है कि शांति और धैर्य बनाकर रखें. प्रशासन से बातचीत का दौर जारी है. मुस्लिम समाज मस्जिद का मीनारा नहीं हटाना चाहता है.
