Vistaar NEWS

MP News: भूपेंद्र यादव ने बांधे CM मोहन की तारीफों के पुल, बोले- पर्यावरण संरक्षण में MP बना मिसाल

Union Minister Bhupender Yadav

केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव

MP News: भोपाल में आज अंतरराष्ट्रीय जैव विविधता दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने मंच से मुख्यमंत्री मोहन यादव की जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा कि भोपाल गैस त्रासदी के कचरे का निष्पादन सरकार ने सफलतापूर्वक किया है. केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पर्यावरण की बेहतरी के लिए मध्य प्रदेश में लगातार अच्छे काम किए जा रहे हैं. उन्होंने राज्य में चीता संरक्षण को लेकर किए जा रहे प्रयासों की भी सराहना की. भूपेंद्र यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश जैव विविधता और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में बेहतर कार्य कर रहा है और यह अन्य राज्यों के लिए भी प्रेरणा का विषय है.

न्यू बाइक्स और रेस्क्यू व्हीकल को दिखाई हरी झंडी

Indian Institute of Forest Management में आयोजित इंटरनेशनल बिग कैट एलायंस समिट के दौरान केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने मुख्यमंत्री मोहन यादव की मौजूदगी में वन विभाग के अमले के लिए नई बाइक्स और रेस्क्यू व्हीकल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. इसके साथ ही केंद्रीय मंत्री ने जैव विविधता से संबंधित विभागों और विभिन्न बोर्डों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया. कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण और वन्यजीव सुरक्षा से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की गईं.

इंदौर बना वेटलैंड सिटी

कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि इंदौर को वेटलैंड सिटी घोषित किया गया है. उन्होंने बताया कि देश में जल्द ही 100 रामसर साइट घोषित करने का लक्ष्य पूरा हो जाएगा. अब तक 94 साइट्स को रामसर साइट घोषित किया जा चुका है. उन्होंने कहा कि विकास और पर्यावरण संरक्षण साथ-साथ चल सकते हैं, लेकिन इसके लिए समाज, नीति निर्माताओं, वैज्ञानिकों और सिविल सोसायटी को मिलकर काम करना होगा. केंद्रीय मंत्री ने कहा कि “एक्ट लोकली, थिंक ग्लोबली” की सोच के साथ आगे बढ़ने की जरूरत है, तभी पर्यावरण संरक्षण को प्रभावी बनाया जा सकेगा.

प्रोजेक्ट चीता की समीक्षा पर बोले केंद्रीय मंत्री

केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि हाल ही में प्रोजेक्ट चीता की भी समीक्षा की गई है. इस परियोजना के माध्यम से जैव विविधता को बढ़ावा देने के सकारात्मक संकेत मिले हैं. उन्होंने कहा कि चीता मुख्य रूप से ग्रासलैंड क्षेत्र में पनपता है और घास के मैदानों के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. साथ ही यह जल संरक्षण में भी सहायक होता है. उन्होंने कहा कि टाइगर केवल अपनी टेरिटरी की रक्षा नहीं करते, बल्कि नदियों और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में भी अहम भूमिका निभाते हैं.

ये भी पढे़ं- ‘सुगम परिवहन सेवा योजना शीघ्र प्रारंभ करेंगे’, CM मोहन यादव का ऐलान; पहले चरण में 1,164 मार्गों पर 5 हजार से ज्यााद बसें

Exit mobile version