MP News: मध्यप्रदेश के डिंडोरी जिले में एक बार फिर विस्तार न्यूज़ की खबर का बड़ा असर देखने को मिला. विस्तार न्यूज़ में खबर दिखाए जाने के बाद सरकारी शिक्षक धनीराम मरावी को 14 साल बाद जिले की संवेदनशील कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने आज बहाल कर दिया है.
सिस्टम की लापरवाही की सजा टीचर को मिली!
सिस्टम की लापरवाही ने एक सरकारी शिक्षक को नारकीय जीवन जीने पर मजबूर कर दिया था. दरअसल पूरा मामला डिंडोरी जिले के करंजिया विकासखंड की प्राथमिक शाला कुतरी में पदस्थ रहे सरकारी शिक्षक धनीराम, जो खम्हार खुदरा गांव में रहते हैं. साल 2011 की जनगणना में लापरवाही के आरोप में तत्कालीन कलेक्टर बी. चंद्रशेखर ने इन्हें निलंबित कर दिया था. नियमों के मुताबिक उन्हें जीवन निर्वाह भत्ता मिलना चाहिए था. कुछ महीने भत्ता मिला भी, लेकिन उसके बाद पूरी तरह बंद हो गया. यहीं से धनीराम की जिंदगी ढलान पर फिसलती चली गई. धनीराम ने कई बार विभाग में निवेदन, आवेदन, गुहार लगाई. लेकिन सिस्टम की लापरवाही ने उन्हें लाचार और बेबस बना दिया था. धनीराम कांवर में लकड़ी बेचकर 150 रुपए प्रतिदिन कमाते थे और कभी–कभी मजदूरी करके घर चलाने की कोशिश करते थे. वहीं आज विस्तार न्यूज़ धनीराम मरावी की आवाज बना और उसे फिर से शिक्षक का पद मिल गया है.
विस्तार न्यूज़ का धन्यवाद दिया
14 साल से बनवास झेल रहे शिक्षक को कलेक्टर अंजू भदौरिया ने बहाल किया. कलेक्टर ने बताया कि मीडिया से मिली जानकारी के बाद उन्होंने टीचर धनीराम को बहाल किया है. वहीं अपनी बहाली के बाद धनी राम बेहद खुश हैं और विस्तार न्यूज़ का धन्यवाद दे रहे हैं. टीचर की खबर को विस्तार न्यूज़ में प्राइम टाइम शो में दिखाया गया था.
ये भी पढे़ं: Indore Metro: इंदौर में बड़ा गणपति मेट्रो स्टेशन के लिए हटाए जाएंगे 16 मकान, अधर में 28 परिवारों का भविष्य!
