Vistaar NEWS

MP Weather Update: एमपी में बदला मौसम का मिजाज, कहीं बारिश तो कहीं तेज धूप, 2 मार्च के बाद फिर बदलाव के संकेत

weather forecast today

मौसम

MP Weather Update: भोपाल सहित मध्य प्रदेश के कई जिलों में पिछले 24 घंटों के दौरान मौसम ने अचानक रंग बदल लिया. कुछ इलाकों में हल्की बारिश हुई तो कहीं तेज हवाओं ने रफ्तार पकड़ी. जबलपुर संभाग के कई क्षेत्रों में तेज हवा के साथ बूंदाबांदी दर्ज की गई. पूर्वी छिंदवाड़ा में ओलावृष्टि होने से किसानों की चिंता बढ़ गई, क्योंकि फसलों को नुकसान की आशंका जताई जा रही है.

दिनभर दिखे मौसम के अलग-अलग रंग

दूसरी ओर प्रदेश के अन्य संभागों में दिनभर चटख धूप देखने को मिली. दोपहर के समय गर्मी का असर साफ महसूस हुआ, जबकि शाम होते-होते मौसम शुष्क हो गया. एक ही दिन में लोगों ने ठंडक, बारिश और गर्मी तीनों तरह के मौसम का अनुभव किया.

तापमान और वर्षा का हाल

बीते 24 घंटों में सर्वाधिक वर्षा जबलपुर संभाग में रिकॉर्ड की गई. अधिकतम तापमान की बात करें तो खंडवा सबसे गर्म रहा, जहां पारा 34.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. न्यूनतम तापमान में कटनी के करौंदी में 8.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि शहडोल के कल्याणपुर में 9.4 डिग्री, नर्मदापुरम के पचमढ़ी में 9.8 डिग्री, शाजापुर में 10.6 डिग्री और उमरिया में 11.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ.

बड़े शहरों में तापमान की स्थिति

राजधानी भोपाल में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री और अधिकतम 32 डिग्री सेल्सियस रहा. इंदौर में पारा 33.1 डिग्री तक पहुंच गया, जबकि जबलपुर, ग्वालियर और उज्जैन में भी अधिकतम तापमान 32 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया.

आज रहेगा शुष्क मौसम

मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल प्रदेश में बारिश या आंधी के कोई संकेत नहीं हैं और आज पूरा प्रदेश शुष्क रहने की संभावना है. दिन के समय धूप तेज रहेगी और तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो सकती है. हालांकि सुबह और देर शाम हल्की ठंड बनी रह सकती है.

2 मार्च के बाद बदलाव के संकेत

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 2 मार्च से एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में सक्रिय हो सकता है, जिससे उत्तर भारत के ऊपरी हिस्सों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है. फिलहाल मध्य प्रदेश में मौसम सामान्य और शुष्क रहने का अनुमान है, लेकिन तापमान में क्रमिक वृद्धि जारी रहने की संभावना जताई गई है.

ये भी पढ़ें- MP News: होली पर रेलवे ने दी यात्रियों को बड़ी राहत, रतलाम से होकर चलेंगी 3 जोड़ी स्‍पेशल ट्रेनें

Exit mobile version