MP का 350 साल पुराना किला अब हुआ खूबसूरत होटलों में शुमार, मिला ये सम्मान
शिवेंद्र कुशवाहा
ओबेरॉय राजगढ़ पैलेस
एमपी का यह प्राचीन और लग्जरी सुविधाओं से भरपूर किला कभी बुंदेला शासकों का सुरक्षा किला हुआ करता था. यह होटल मणियागढ़ पहाड़ियों की ऊंचाई पर स्थित है और इसका इतिहास करीब 350 साल पुराना बताया जाता है. बता दें कि खजुराहो के पास स्थित राजगढ़ पैलेस को प्रतिष्ठित प्रिक्स वर्साय 2026 की सूची में दुनिया के सबसे खूबसूरत होटलों में शामिल किया गया है.इसका निर्माण बुंदेला वंश के राजा हिंदूपत सिंह ने 17वीं शताब्दी में एक मजबूत किले के रूप में करवाया था. समय के साथ सैन्य उपयोग वाले हिस्सों की जगह भव्य आंगनों, दरबारों और शाही वास्तुकला ने ले ली. साल 1996 में मध्य प्रदेश सरकार ने इस महल को ओबेरॉय ग्रुप को दे दिया, जिसके बाद लगभग तीस सालों तक इसके असली रूप को बचाते हुए इसे आधुनिक और शानदार बनाया गया. इस काम के दौरान महल के पुराने मंदिरों, पेड़ों, रास्तों और खूबसूरत प्राकृतिक झील को पूरी तरह सुरक्षित रखा गया. लगभग 30 साल की मरम्मत के बाद नवंबर 2025 में यह महल ‘द ओबेरॉय राजगढ़ पैलेस’ नाम से खुला, जो पन्ना नेशनल पार्क के पास होने से अब दुनिया भर के पर्यटकों को लुभा रहा है. प्रिक्स वर्साय 2026 की लिस्ट में शामिल होने के बाद यह शाही होटल अब पूरी दुनिया में मध्य प्रदेश और भारत के गौरव का प्रतीक बन चुका है.