अब गोवा या मालदीव जाने की जरूरत नहीं! एमपी के इस टापू पर उठाएं वॉटर स्पोर्ट्स और लग्जरी वेकेशन का लुत्फ
शिवेंद्र कुशवाहा
सरसी रिसोर्ट शहडोल
भारत के हृदय में बसा मध्य प्रदेश अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर पर्यटन स्थलों के लिए प्रसिद्ध है.वैसे तो यहां घूमने-फिरने और दोस्तों के साथ आनंद लेने के लिए कई स्थान हैं, लेकिन यह विशेष स्थान आपको एक अद्भुत और अलग अनुभव प्रदान करता है. मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में स्थित सरसी आइलैंड रिसॉर्ट पर्यटकों के लिए एक बेहतरीन स्थान है. लगभग 23 एकड़ में फैले इस रिसॉर्ट की शुरुआत वर्ष 2024 में हुई थी.बाणसागर बांध के बीचों-बीच स्थित इस टापू पर पहुंचकर आपको मालदीव जैसे किसी खूबसूरत स्थान पर होने का अहसास होगा. यह स्थान परिवार और मित्रों के साथ यादगार पल बिताने के लिए एकदम बेस्ट है. सुविधाओं की बात करें तो यहां ठहरने के लिए 10 इको-हट्स, एक आधुनिक रेस्टोरेंट, जिम और वॉटर स्पोर्ट्स का प्रबंध किया गया है. सरसी आइलैंड तक पहुंचने के लिए पर्यटकों को नाव (बोट) का सहारा लेना पड़ता है, जो यात्रा के अनुभव को और भी रोमांचक बना देता है.यहां आप मालदीव के जैसे ही बोट पर लंच और डिनर का आनंद ले सकते हैं. प्रकृति की गोद में स्थित इस रिसॉर्ट में कॉर्पोरेट और अन्य आयोजनों के लिए एक आधुनिक कॉन्फ्रेंस रूम भी उपलब्ध है. इसे एक शानदार ‘वीकेंड गेटवे’ के रूप में विकसित किया गया है, जो पर्यटकों को मध्य प्रदेश में ही लक्षद्वीप या हनुवंतिया जैसा अनुभव कराता है. यहां रुकने के लिए एक कमरे का किराया 9 हजार रखा गया है, जिसमें अतिरिक्त कर जोड़ने के बाद कुल खर्च लगभग 10 हजार 600 आता है.