4 Or 5 Sawan Mondays: भगवान शिव को समर्पित सावन का महीना हिंदू धर्म का सबसे पवित्र महीना माना जाता है. इस दौरान भक्त पूरी श्रद्धा के साथ भगवान शिव की पूजा करते हैं, शिव मंदिरों में जलाभिषेक करते हैं और सावन के सोमवार का व्रत रखते हैं. हर साल सावन शुरू होने से पहले लोगों के मन में यह सवाल जरूर आता है कि इस बार सावन में 4 सोमवार होंगे या 5. आइए जानते हैं इसका सही जवाब.
सावन 2026 कब से शुरू होगा?
हिंदू पंचांग के अनुसार, साल 2026 में सावन का महीना 30 जुलाई दिन गुरुवार से शुरू होगा. यह महीना 28 अगस्त को श्रावण पूर्णिमा के दिन समाप्त होगा. पूरे सावन में शिव भक्त व्रत रखते हैं, रुद्राभिषेक करते हैं और भगवान शिव की विशेष आराधना करते हैं.
सावन 2026 में कितने सोमवार पड़ेंगे?
उत्तर भारत में मान्य पंचांग के अनुसार, इस बार सावन में कुल 4 सोमवार आएंगे.
- पहला सावन सोमवार – 3 अगस्त 2026
- दूसरा सावन सोमवार – 10 अगस्त 2026
- तीसरा सावन सोमवार – 17 अगस्त 2026
- चौथा सावन सोमवार – 24 अगस्त 2026
हर साल अलग-अलग जानकारी क्यों मिलती है?
हर साल सावन की तारीखों को लेकर लोगों में भ्रम बना रहता है. इसकी वजह यह है कि भारत में दो तरह के पंचांग इस्तेमाल किए जाते हैं. उत्तर भारत में पूर्णिमांत पंचांग का पालन किया जाता है, जबकि दक्षिण और पश्चिम भारत के कई राज्यों में अमांत पंचांग मान्य है. इसी कारण सावन की शुरुआत और खत्म होने की तारीख अलग हो सकती है, जिससे सोमवारों की संख्या भी अलग दिखाई देती है.
ये भी पढ़ें-Jagannath Rath Yatra 2026: आज से शुरू हुई जगन्नाथ पुरी रथ यात्रा, जानें शेड्यूल और धार्मिक महत्व
सावन सोमवार का क्या महत्व है?
धार्मिक मान्यता के अनुसार, सावन के सोमवार को भगवान शिव का व्रत और पूजा करने से मनोकामनाएं पूरी होती हैं. इस दिन शिवलिंग पर जल, दूध, बेलपत्र, धतूरा और भांग अर्पित की जाती है. माना जाता है कि सच्चे मन से की गई शिव आराधना से भगवान भोलेनाथ जल्दी प्रसन्न होते हैं. वहीं अविवाहित युवक-युवतियां अच्छे जीवनसाथी की कामना से यह व्रत रखते हैं, जबकि विवाहित लोग अपने परिवार की सुख-शांति, खुशहाली और समृद्धि के लिए सावन सोमवार का व्रत करते हैं.
