Abhishek Sharma: टीम इंडिया के विस्फोटक सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा का बल्ला राइजिंग स्टार्स एशिया कप 2026 के अपने पहले मुकाबले में खामोश रहा. नेपाल के खिलाफ खेले गए इंडिया ए के पहले ही मैच में अभिषेक शर्मा बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे. टी20 क्रिकेट में अपनी छाप छोड़ चुके अभिषेक वनडे फॉर्मेट के अपने पहले ही मैच में फ्लॉप साबित हुए.
राइजिंग स्टार्स एशिया कप 2026 के चौथे मुकाबले में इंडिया ए ने नेपाल के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करते हुए 306 रनों की विशाल जीत दर्ज की, लेकिन इस दौरान टीम इंडिया के स्टार ओपनर अभिषेक शर्मा बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं कर सके और महज 9 रन बनाकर ही आउट हो गए.
सस्ते में आउट हुए अभिषेक-वैभव
दरअसल, कतर की राजधानी दोहा में राइजिंग स्टार्स एशिया कप 2026 का आयोजन हो रहा है. यह टूर्नामेंट वनडे फॉर्मेट में खेला जा रहा है. इंडिया ए की टीम ने टूर्नामेंट में अपने अभियान की शुरुआत नेपाल के खिलाफ शानदार जीत से की. दोहा में खेले गए इस मुकाबले में भारतीय टीम ने कप्तान तिलक वर्मा और कुमार कुशाग्र की शतकीय पारी के दमपर 9 विकेट खोकर 332 रन बनाए. हालांकि, इस दौरान भारत की ओपनिंग जोड़ी कुछ खास कमाल नहीं कर सकी. एक तरफ जहां अभिषेक शर्मा 13 गेंदों में 1 छक्का जड़कर सिर्फ 9 रन बनाकर आउट हो गए, तो वहीं दूसरी ओर युवा स्टार बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी भी महज 26 रन बनाकर पवेलियन लौट गए.
आयुष बडोनी 2 रन बनाकर हुए आउट
अभिषेक शर्मा के आउट होने के बाद इंडिया ए की ओर से तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे आयुष बडोनी महज 2 रन बनाकर आउट हो गए. इसके बाद चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे कप्तान तिलक वर्मा ने कुमार कुशाग्र के साथ मिलकर मोर्चा संभाला और भारत को बड़े स्कोर तक पहुंचाया. दोनों बल्लेबाजों के बीच 206 रनों की साझेदारी हुई. इन दोनों बल्लेबाजों ने विस्फोटक बल्लेबाजी कर टीम के स्कोर को 300 के पार पहुंचाया.
टी20 क्रिकेट में अभिषेक का जलवा
वनडे फॉर्मेट में नेपाल के खिलाफ पहले मैच में भले ही अभिषेक शर्मा सस्ते में आउट हो गए, लेकिन टूर्नामेंट के बाकी मैचों में उनसे शानदार वापसी और बड़ी पारी खेलने की उम्मीद है. टी20 इंटरनेशनल में उनके नाम कई वर्ल्ड रिकॉर्ड दर्ज हैं, जिसमें सबसे तेज 100 छक्के 785 गेंदों में, बिना डॉट गेंद खेले सबसे ज्यादा रन और 200 से ज्यादा स्ट्राइक रेट से सबसे ज्यादा बार 50+ स्कोर बनाने का रिकॉर्ड शामिल है.
