Devdutt Padikkal: भारत और श्रीलंका के बीच गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच में भारतीय स्टार बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए इतिहास रच दिया. पडिक्कल ने गॉल टेस्ट की पहली पारी में 230 गेंदों में 167 रनों की मैराथन पारी खेली. उन्होंने भारत के स्कोर को 400 के पार पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई. पडिक्कल की इस शतकीय पारी के दौरान कई रिकॉर्ड बने.
खास क्लब में की एंट्री
देवदत्त पडिक्कल की 167 रनों की पारी ने उन्हें एक खास क्लब में शामिल कर दिया है. वह टेस्ट क्रिकेट में श्रीलंका के खिलाफ नंबर 3 पर 150 या उससे ज्यादा स्कोर बनाने वाले भारत के सिर्फ तीसरे बल्लेबाज बन गए हैं. बता दें, राहुल द्रविड़ ने साल 2009 में अहमदाबाद में श्रीलंका के खिलाफ तीसरे नंबर पर खेलते हुए 177 रन की पारी खेली थी. उसके बाद साल 2017 में चेतेश्वर पुजारा ने गॉल में तीसरे नंबर पर खेलते हुए 153 रनों की शानदार पारी खेली थी. अब करीब 9 साल बाद पडिक्कल ने यह कारनामा कर दिखाया है.
यह भी पढ़ें: गॉल में देवदत्त पडिक्कल का जलवा, श्रीलंका के खिलाफ शतक जड़कर रचा इतिहास
श्रीलंका में भारत की ओर से खेली चौथी सबसे बड़ी पारी
इसके अलावा देवदत्त पडिक्कल द्वारा बनाए गए 167 रन श्रीलंका सरजमीं पर किसी भी भारतीय बल्लेबाज द्वारा बनाया गया चौथा सबसे बड़ा टेस्ट स्कोर है. इस लिस्ट में पडिक्कल के अलावा शिखर धवन, वीरेंद्र सहवाग और सचिन तेंदुलकर का नाम शामिल है. श्रीलंका की धरती पर भारत की ओर से सबसे बड़ी पारी साल 2010 में सचिन तेंदुलकर ने खेली थी. उन्होंने कोलंबो में 203 रन बनाए थे. उसके अलावा साल 2008 में वीरेंद्र सहवाग ने गॉल में 201 रनों की नाबाद पारी खेली थी. 2017 में धवन ने गॉल में 190 रन की पारी खेली थी.
9 साल बाद किया बड़ा कारनामा
बता दें, पिछले 9 सालों से श्रीलंका में कोई भी भारतीय बल्लेबाज 150 या उससे ज्यादा रन की पारी नहीं खेल सका था. साल 2017 में शिखर धवन ने 190 और चेतेश्वर पुजारा ने 153 रन की पारी खेली थी. इन दोनों खिलाड़ियों के बाद अब पडिक्कल श्रीलंकाई सरजमीं पर 150 का आंकड़ा पार करने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं.
