Vistaar NEWS

‘टाइम वेस्ट मत करो, डरो मत…’,सरफराज खान के जाल में फंसे श्रीलंकाई कप्तान, 2 गेंद बाद ही हो गए आउट

Sarfaraz Khan or Dhananjaya de Silva

सरफराज खान या धनंजय डी सिल्वा

Sarfaraz Khan: भारत और श्रीलंका के बीच कोलंबो में जारी दूसरे टेस्ट मैच में भले ही सरफराज खान को बल्लेबाजी का मौका नहीं मिला, लेकिन उन्होंने अपनी शानदार फील्डिंग और स्लेजिंग से टीम इंडिया का फायदा जरूर कराया है. दूसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन सरफराज ने श्रीलंकाई कप्तान धनंजय डी सिल्वा को आउट कराने में अहम भूमिका निभाई. शॉर्ट लेग और सिली पॉइंट पर फ़ील्डिंग कर रहे इस खिलाड़ी ने श्रीलंकाई कप्तान को कुछ ऐसा कहा जिसके 2 गेंद बाद ही वह आउट हो गए.

सरफराज के जाल में फंसे कप्तान धनंजय डी सिल्वा

दरअसल श्रीलंका की पारी के दौरान 35वें ओवर में श्रीलंकाई कप्तान धनंजय डी सिल्वा स्ट्राइक पर मौजूद थे और उनके सामने मानव सुथार गेंदबाजी कर रहे थे. इसी दौरान शॉर्ट लेग पर फ़ील्डिंग करते हुए सरफराज खान हमेशा की तरह मजाकिया अंदाज में दिखे. ओवर के दौरान जब सुथार तीसरी गेंद फेंकने ही वाले थे कि धनंजय डी सिल्वा अपनी जगह से हट गए.

इस पर सरफराज श्रीलंकाई कप्तान से कहते हैं, ‘भाई, वहां कुछ नहीं है. तुम सीधे देखो न. लॉन्ग-ऑन और लॉन्ग-ऑफ़ की ओर इशारा करते हुए सरफराज ने उनसे कहा कि तुम बस टाइम वेस्ट कर रहे हो, भाई, डरो मत. खेलो तुम कप्तान हो. सरफराज की बात सुनकर धनंजय डी सिल्वा ने सुथार की गेंद पर एज लगाया और अपना विकेट गंवा बैठे.

यह भी पढ़ें: अंपायर के फैसले से आग बबूला हुआ श्रीलंकाई खिलाड़ी, गुस्से में फेंके ग्लव्स, बाउंड्री कुशन पर मारा बल्ला

2 गेंद बाद ही आउट हुए धनंजय

सरफराज खान की बात सुनकर मानो श्रीलंकाई कप्तान धनंजय डी सिल्वा का ध्यान भटक गया और दो गेंद बाद ही वह मानव सुथार की गेंद पर केएल राहुल को अपना कैच थमा बैठे. कप्तान के आउट होने के बाद सरफराज ने आक्रामक जश्न मनाया. पहली पारी में धनंजय 14 गेंदों में 2 चौकों की मदद से सिर्फ 8 रन ही बना सके. बता दें, शॉर्ट लेग पर खड़े होकर सरफराज लगातार श्रीलंकाई बल्लेबाजों से बात कर रहे थे, जिसके बाद अंपायर ने उन्हें टोका भी.

पहले मैच में भी दिखा था ऐसा कुछ नजारा

भारत और श्रीलंका के बीच जारी दो मैचों की टेस्ट सीरीज में खिलाड़ियों के बीच जुबानी जंग देखने को मिली है. इससे पहले गॉल में खेले गए पहले टेस्ट मैच में भारतीय ओपनर यशस्वी जायसवाल और निरोशन डिकवेला के बीच हुई बातचीत ने फैंस का ध्यान अपनी ओर खींचा था. जहां जायसवाल ने बड़ी ही चतुराई से भारत को सफलता दिलाई थी. इसके बाद कोलंबो टेस्ट में जायसवाल और असिथा फर्नांडो के बीच मैदान में जुबानी जंग देखने को मिली थी.

Exit mobile version