Ashok Dinda: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व तेज गेंदबाज अशोक डिंडा ने क्रिकेट के मैदान के बाद अब राजनीति की पिच में भी अपना दम दिखाया है. 2026 पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार के रूप में उतरे पूर्व गेंदबाज ने मोयना सीट से प्रचंड जीत हासिल कर ली है. उन्होंने टीएमसी उम्मीदवार चंदन मंडल को हराया है.
अशोक डिंडा की शानदार जीत
इलेक्शन कमीशन की रिपोर्ट के मुताबिक पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज अशोक डिंडा को 1 लाख 27 हजार से ज्यादा वोट मिले हैं और उन्होंने करीब 16 हजार वोटों की बढ़त हासिल कर जीत दर्ज की है. बता दें, पूर्व क्रिकेटर डिंडा ने लगातार दूसरी बार मोयना सीट से जीत दर्ज की है. साल 2021 में उन्होंने क्रिकेट से संन्यास लेकर राजनीति में एंट्री की. इसी साल वह भाजपा में शामिल हुए और पश्चिम बंगाल की राजनीति का सक्रिय चेहरा बने. डिंडा ने बंगाल विधानसभा चुनाव 2021 में मोयना सीट से चुनाव लड़ा, जहां उन्होंने तृणमूल कांग्रेस के संग्राम डोलुई को 1260 वोटों से हराया था.
यह भी पढ़ें: क्या IPL 2026 से बाहर हो जाएंगे MS Dhoni? ताजा अपडेट ने बढ़ाई फैंस की टेंशन
अशोक डिंडा क्रिकेट करियर
42 वर्षीय भारतीय पूर्व तेज गेंदबाज अशोक डिंडा के क्रिकेट करियर की बात करें, तो उनका करियर लंबा नहीं चल सका. साल 2009 में टीम इंडिया के लिए श्रीलंका के खिलाफ इंटरनेशनल डेब्यू करने वाले डिंडा ने भारत के लिए सिर्फ 22 मुकाबले खेले हैं. 2013 के बाद उन्हें भारतीय टीम में खेलना का मौका नहीं मिला. दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने भारत के लिए कुल 13 वनडे मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 12 विकेट लिए. इसके अलावा 9 टी20 इंटरनेशनल मैचों में उन्होंने 17 विकेट झटके हैं.
घरेलू क्रिकेट में डिंडा का प्रदर्शन बेहद शानदार रहा है. 116 फर्स्ट क्लास मैचों में उनके नाम 420 विकेट दर्ज हैं. इसके अलावा उन्होंने 98 लिस्ट ए मैचों में 151 विकेट लिए हैं. आईपीएल में उन्होंने 5 टीमों का प्रतिनिधित्व करते हुए कुल 78 मुकाबलें खेले हैं, जिसमें उनके नाम कुल 69 विकेट दर्ज हैं.
