Vistaar NEWS

Hockey World Cup 2026: हॉकी वर्ल्ड कप 2026 में भारत की खराब शुरुआत, इंग्लैंड ने 4-2 से हराया

England vs India

इंग्लैंड बनाम भारत

Hockey World Cup 2026: एफआईएच मेंस हॉकी वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत हो चुकी है. टूर्नामेंट के अपने दूसरे पूल-डी मुकाबले में भारतीय हॉकी टीम को अपनी पहली हार का सामना करना पड़ा है. नीदरलैंड्स के एम्सटेलवीन में खेले गए इस मुकाबले में इंग्लैंड ने दूसरे हाफ में जबरदस्त पलटवार करते हुए भारत को 4-2 से हराया. पहले हाफ में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इसे अपने नाम किया. लेकिन दूसरे हाफ में इंग्लैंड ने शानदार वापसी की और मुकाबला अपने नाम कर लिया.

पहले हाफ में भारत का शानदार प्रदर्शन

नीदरलैंड्स के एम्सटेलवीन में खेले गए भारत-इंग्लैंड इस मुकाबले में इंग्लैंड ने शुरुआत में आक्रामक रुख अपनाया और पहले क्वार्टर के आखिरी मिनटों में निकोलस बंदुराक ने शानदार फील्ड गोल दागकर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई. इसके बाद दूसरे क्वार्टर में भारतीय टीम ने शानदार खेल दिखाया और वापसी की. कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर को सटीक गोल में बदला और भारत को 1-1 की बराबरी पर ला खड़ा किया. इसके बाद कुछ ही देर में दिलप्रीत सिंह ने एक और गोल दागकर भारत को मुकाबले में 2-1 की बढ़त दिलाई.

यह भी पढ़ें: Junior Women National Hockey Championship: छत्तीसगढ़ ने हिमाचल को 6-4 से हराया, आज एमपी से होगी भिड़ंत

दूसरे हॉफ में इंग्लैंड की वापसी

हाफ टाइम तक 2-1 से आगे चल रही टीम इंडिया अपनी लय को बरकरार नहीं रख सकी और इंग्लैंड के आक्रामक हमलों के आगे डिफेंस पूरी तरह बिखर गया. इसके बाद तीसरे क्वार्टर में स्टुअर्ट रशमेरे ने गोल दागा, जिसके तुरंत बाद हेनरी क्रॉफ्ट ने गेंद को नेट में डालकर इंग्लैंड को 3-2 से आगे कर दिया.मैच के आखिरी क्वार्टर में निकोलस बंदुराक ने पेनल्टी कॉर्नर को गॉल में बदलकर इंग्लैंड की बढ़त को 4-2 में बदल दिया और टीम की जीत पक्की हो गई.

पाकिस्तान के सामने करो या मरो मैच

इंग्लैंड के खिलाफ इस हार के बाद अब भारत के लिए राउंड-2 में सीधी एंट्री पाना थोड़ा मुश्किल हो गया है. टीम इंडिया को अगले राउंड में जगह बनाने के लिए पाकिस्तान के खिलाफ होने वाला अपना अगला मैच हर हाल में जीतना होगा. इसके अलावा अगर वेल्स की टीम इंग्लैंड को नहीं हरा पाती है, तो पाकिस्तान के खिलाफ ड्रॉ भी भारत को आगे ले जा सकता है.

Exit mobile version