ICC Fines Team India: भारतीय क्रिकेट टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज का अंत जीत के साथ किया. पांच मैचों की वनडे सीरीज पर टीम इंडिया ने 3-1 से कब्जा किया. लेकिन, सीरीज जीत के बाद भी भारतीय टीम को तगड़ा झटका लगा है और उनपर आईसीसी का हंटर चला है. इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल ने बीते दिन 18 नवंबर को टीम इंडिया पर तगड़ा फाइन लगा दिया है. ये फाइन 15 नवंबर को हुए भारत बनाम न्यूजीलैंड पांचवें वनडे मैच के लिए लगाया गया है.
श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली टीम इंडिया इस मैच में स्लो ओवर रेट की दोषी पाई गई, जिसके चलते आईसीसी ने भारतीय टीम पर मैच फीस का 35% जुर्माना ठोक दिया है.
स्लो ओवर रेट का दोषी पाया गया भारत
माउंट माउंगानुई में खेले गए पांचवें और आखिरी वनडे मैच में समय की छूट को ध्यान में रखने के बाद भी, टीम इंडिया निर्धारित ओवर-रेट से 7 ओवर पीछे थी. आईसीसी आचार संहिता के अनुच्छेद 2.22 के तहत प्रत्येक कम ओवर पर 5% मैच फीस कटती है और अधिकतम 50% तक, जिसके अनुसार 7 ओवर के लिए 35% जुर्माना तय हुआ. आईसीसी एलीट पैनल के मैच रेफरी रंजन मदुगले ने यह सजा सुनाई. कार्यवाहक कप्तान श्रेयस अय्यर ने मैच रेफरी द्वारा दी गई सजा स्वीकार कर ली है, इसलिए इस मामले पर औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी.
India have been penalised for breaching ICC Code of Conduct in the fifth and final ODI against New Zealand. Details 👇 https://t.co/ZGULO5ePDT
— ICC (@ICC) November 18, 2026
पांचवें मैच में भारत को मिली रोमांचक जीत
भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की वनडे सीरीज का आखिरी मुकाबला माउंट माउंगानुई में खेला गया था. इस मैच में शुरुआती झटकों के बाद टीम इंडिया ने शानदार वापसी की थी. रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे दिग्गजों के जल्दी आउट होने के बाद मिडिल ऑर्डर में ईशान किशन और अक्षर पटेल ने 46-46 रनों अहम पारी खेली और भारत के स्कोर को 209 रनों तक पहुंचाया. इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कीवी टीम को 187 रनों पर ही समेत दिया और यह मुकाबला 22 रन से अपने नाम कर लिया. इस मैच को जीतने के साथ टीम इंडिया ने 3-1 से सीरीज अपने नाम कर ली.
पहले वनडे मैच में टीम इंडिया ने DLS मैथर्ड के चलते 5 विकेट से जीत दर्ज की. वहीं, दूसरे वनडे में भी भारतीय टीम ने DLS के तहत 4 रन से जीत अपने खाते में डाली. तीसरा मैच बारिश के कारण बिना गेंद फेंके ही रद्द हो गया. शुरुआती दो मैच हारने के बाद चौथे मैच में न्यूजीलैंड ने शानदार वापसी की और 244 रन के विशाल अंतराल से जीत दर्ज की. इसके बाद पांचवें मैच में टीम इंडिया ने एक बार फिर शानदार वापसी करते हुए 2 रन से मुकाबला अपने नाम कर लिया.
