Vistaar NEWS

IND vs AFG: सीरीज जीतते ही शुभमन गिल ने किया दिल जीतने वाला काम, डेब्यू स्टार्स को सौंपी ट्रॉफी,VIDEO

Team India

टीम इंडिया (Photo- BCCI)

Shubman Gill: भारतीय टीम ने अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में शानदार प्रदर्शन करते हुए 3-0 से कब्जा कर लिया है. दोनों टीमों के बीच सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला गया, जिसमें भारतीय टीम ने 9 विकेट से शानदार जीत दर्ज की. इस सीरीज में अफगानिस्तान का सूपड़ा साफ करने के बाद भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने बीसीसीआई अध्यक्ष मिथुन मन्हास के हाथों ट्रॉफी ली. हालांकि इसके बाद गिल के एक खास जेस्चर ने सबका दिल जीत लिया.

शुभमन गिल के जेस्चर ने जीता फैंस का दिल

भारत और अफगानिस्तान के बीच चेपॉक में खेले गए तीसरे और आखिरी मुकाबले के बाद टीम इंडिया के कप्तान शुभमन गिल ने बीसीसीआई अध्यक्ष मिथुन मन्हास के हाथों ट्रॉफी रिसीव की. सीरीज जीतने के बाद गिल ने ये ट्रॉफी टीम इंडिया के लिए इस सीरीज से डेब्यू करने वाले युवा खिलाड़ियों गुरनूर बराड़, हर्ष दुबे और प्रिंस यादव को थमा दी, जिसके बाद इन तीनों खिलाड़ियों ने जीत का जश्न बनाया और टीम के बाकी खिलाड़ी भी जश्न में शामिल हुए. गिल का यह जेस्चर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और फैंस को खूब पसंद आ रहा है.

यह भी पढ़ें: पहली ही ODI सीरीज में गुरनूर बराड़ ने रचा इतिहास, ऐसा करने वाले बने पहले भारतीय

सालों की परंपरा रखी जारी

डेब्यू स्टार्स को ट्रॉफी थमाने के साथ ही भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने सालों पुरानी उस परंपरा को जारी रखा, जिसे पूर्व भारतीय कप्तान और ‘कैप्टन कूल’ के नाम से मशहूर महेंद्र सिंह धोनी ने शुरू की थी. धोनी ने टीम के युवा खिलाड़ियों को ट्रॉफी थमाई थी. उनके बाद विराट कोहली, रोहित शर्मा, केएल राहुल और सूर्यकुमार यादव जैसे कप्तानों ने भी यह परंपरा जारी रखी.

इन खिलाड़ियों ने किया डेब्यू

बता दें, अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज से भारतीय युवा क्रिकेटर गुरनूर बराड़, हर्ष दुबे और प्रिंस यादव ने अपना इंटरनेशनल डेब्यू किया. युवा तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़ ने अपनी डेब्यू सीरीज में ही शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया है. वह तीन मैचों की सीरीज में 7 विकेट लेने वाले पहले गेंदबाज बन गए हैं. उनके अलावा हर्ष दुबे ने अपनी डेब्यू सीरीज में 2 मैच खेलकर 4 विकेट झटके. वहीं प्रिंस यादव ने 2 मैचों में 3 विकेट लिए.

Exit mobile version