Rohit Sharma In Lord’s: भारत और इंग्लैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का तीसरा और निर्णायक मुकाबला 19 जुलाई को लंदन के ऐतिहासिक लॉर्ड्स के मैदान पर खेला जाएगा. दोनों टीमें फिलहाल 1-1 की बराबरी पर है, ऐसे में सीरीज जीतने के लिए दोनों ही टीमों के लिए यह मुकाबला अहम माना जा रहा है. कई रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि यह मैच भारतीय दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा का आखिरी इंटरनेशनल मैच साबित हो सकता है. ऐसे में आइए जानते हैं लॉर्ड्स के मैदान पर कैसा रहा हिटमैन का रिकॉर्ड…
लॉर्ड्स में कैसा है रोहित शर्मा का रिकॉर्ड?
लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर भारतीय पूर्व कप्तान रोहित शर्मा कुछ खास कमाल नहीं कर पाए हैं. इस मैदान पर उन्होंने अब तक कुल 5 इंटरनेशनल मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 2 वनडे, 2 टी20 इंटरनेशनल और 1 टेस्ट मैच खेले हैं. इन पांच मैचों की 6 पारियों में रोहित ने 22.16 के औसत से कुल 133 रन बनाए हैं. इस दौरान उनके बल्ले से केवल 1 अर्धशतक निकला है. इसके अलावा इस मैदान पर रोहित अब तक एक भी शतक नहीं लगा सके हैं.
यह भी पढ़ें: रिटायरमेंट की खबरों के बीच विराट-बुमराह के साथ रोहित शर्मा की फोटो वायरल, चर्चा में रवि शास्त्री की कमेंट्री
लॉर्ड्स में कैसे हैं रोहित के ODI आंकड़े
लॉर्ड्स के मैदान पर रोहित के वनडे आंकड़ों को देखे तो यह भी कुछ खास नहीं है. क्रिकेट का मक्का कहे जाने वाले इस मैदान पर रोहित ने अब तक सिर्फ 2 वनडे मैच खेले हैं, जिसमें वह सिर्फ 15 रन ही बना सके हैं. इस मैदान पर रोहित ने अपना आखिरी वनडे मैच साल 2022 में खेला था, जिसमें वह 10 गेंदों में बिना खाता खोले ही पवेलियन लौट गए थे.
क्या लॉर्ड्स में गरजेगा रोहित का बल्ला?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक लॉर्ड्स में होने वाला तीसरा वनडे मैच रोहित शर्मा के इंटरनेशनल करियर का आखिरी मैच हो सकता है. इसके बाद वह संन्यास की घोषणा कर सकते हैं. रिपोर्ट में दावा किया जा रहा है कि अजीत अगरकार की अगुवाई वाली सेलेक्शन कमिटी ने रोहित को बताया दिया है कि वह 2027 वनडे वर्ल्ड कप की योजनाओं का हिस्सा नहीं हैं. ऐसे में फैंस को लॉर्ड्स में रोहित से बड़ी पारी की उम्मीद है. फैंस उम्मीद लगाए बैठे है कि इस मैच में हिटमैन बड़ी पारी खेलकर आलोचकों को करारा जवाब देंगे.
