न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए पांचवें और आखिरी वनडे मैच में भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को 22 रनों से हरा पांच मैचों की सीरीज 3-1 से अपने नाम कर ली है. ये मुकाबला न्यूजीलैंड के माउंट माउंगनुई खेला गया. इस मैच में भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने अपनी गेंदबाजी से अहम योगदान दिया. लेकिन बे ओवल में खेले गए इस मुकाबले में उनका एक ऐसा अंदाज देखने को मिला, जिसने क्रिकेट फैंस का दिल जीत लिया.
सुरक्षाघेरा तोड़कर घुस गया फैन
दरअसल मैच के दौरान सुरक्षा घेरा तोड़कर एक फैन ग्राउंड के भीतर घुस गया. सुरक्षकर्मी ने उसे पकड़ लिया, इस सब के बीच उसके हाथ से तिरंगा छूटकर जमीन पर गिर गया. यह देखकर सिराज बिना देर किए वहां पहुंचे और सुरक्षाकर्मी के हाथ से तिरंगा लेकर अपने पास रख लिया. इसके बाद उन्होंने इसे अपने साथी खिलाड़ी को सौंप दिया, ताकि सम्मान के साथ मैदान से बाहर ले जाया जा सके.
फैंस कर रहे तारीफ
सिराज के इस व्यवहार को देखकर क्रिकेट फैंस उनकी तारीफ कर रहे हैं. गेंदबाज के द्वारा तिरंगे के सम्मान में उठाया गया ये कदम चर्चा का विषय बना हुआ है. साथ ही सोशल मीडिया पर कई वीडियो भी वायरल हो रहे हैं. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो पर कई यूजर्स ने उनकी सराहना की है.
ये रहा मैच का हाल
मुकाबले की बात करें तो भारतीय टीम ने गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के दम पर न्यूजीलैंड को 22 रन से हराया. पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत की पूरी टीम 209 रन पर सिमट गई थी. हालांकि, इस छोटे लक्ष्य का बचाव करते हुए भारतीय गेंदबाजों ने कीवी बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया. अर्शदीप सिंह ने सबसे ज्यादा तीन विकेट हासिल किए. मोहम्मद सिराज और अक्षर पटेल ने दो-दो विकेट लेकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई.
