मैनेजमेंट को 21 तोपों की सलामी… कंकशन सब्स्टिट्यूट में भी सिराज को बाहर रखने पर भड़के मुनाफ पटेल
मोहम्मद सिराज
Munaf Patel On Siraj: न्यूजीलैंड के खिलाफ क्राइस्टचर्च में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच में मोहम्मद सिराज को एक बार फिर नजरअंदाज करने को लेकर भारतीय टीम मैनेजमेंट सवालों के घेरे में है. पहले उन्हें प्लेइंग 11 का हिस्सा नहीं बनाया गया और अब जब आकाशदीप के चोटिल होने के बाद कंकशन सब्स्टिट्यूट के तौर पर उनकी टीम एंट्री कराई जा सकती थी, तो मैनेजमेंट ने उनकी जगह प्रसिध कृष्णा पर भरोसा जताया. मैनेजमेंट के इस फैसले पर पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज मुनाफ पटेल ने नाराजगी जताई है.
मुनाफ पटेल ने जताई नाराजगी
दरअसल, पूर्व भारतीय क्रिकेटर मुनाफ पटेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट शेयर करते हुए मैनेजमेंट के फैसले पर तंज कसा है. अपने इस पोस्ट में उन्होंने लिखा कि अगर इतनी सब आलोचनाओं और प्रेसर के बाद भी आप मोहम्मद सिराज को एक बार फिर नजरअंदाज कर प्रसिध कृष्णा को आकाशदीप के कंकशन सब्स्टिट्यूट के तौर पर टीम में शामिल करते हैं तो मैनेजमेंट को 21 तोपों की सलामी है.क्योंकि ऐसे कठिन फैसले लेने के लिए सचमुच बहुत हिम्मत और मजबूत मानसिकता की जरूरत होती है.
Even after so much of criticism and pressure @mdsirajofficial sidelined again Prasidh Krishna as concussion substitute for Akash Deep Management ki Conviction ko 21 topo ki Salami It takes real courage and a strong mindset to make such tough decisions. #INDvsNZ #Siraj
— Munaf Patel (@munafpa99881129) November 29, 2026
चोटिल होकर बाहर हुए आकाशदीप
क्राइस्टचर्च टेस्ट मैच के तीसरे दिन के पहले सेशन में भारत की पहली पारी में बल्लेबाजी करते समय आकाश दीप चोटिल हो गए थे. न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज काइल जैमिसन के एक ही ओवर में दो तीखी बाउंसर उनके हेलमेट पर जा लगीं. हालांकि, इसके बाद भी उन्होंने बल्लेबाजी जारी रखी. 246 रनों पर भारत की पहली पारी सिमटने के बाद मेडिकल टीम ने आकाशदीप को मैच में आगे हिस्सा लेने के लिए अनफिट घोषत कर दिया. इसके बाद उनके कंकशन सब्स्टिट्यूट के रूप में प्रसिध कृष्णा को प्लेइंग 11 में शामिल किया गया, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया.
मुनाफ पटेल पहले भी उठा चुके हैं सवाल
वेलिंग्टन में खेले गए पहले टेस्ट मैच के बाद दूसरे टेस्ट की प्लेइंग 11 में भी तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को जगह नहीं मिली थी, जिस पर मुनाफ पटेल ने पहले ही सवाल उठाए थे. उन्होंने मैनेजमेंट पर सवाल उठाते हुए कहा था कि चलो ठीक है अगर आप मोहम्मद सिराज, मोहम्मद शमी और रवींद्र जडेजा जैसे खिलाड़ियों को नहीं देख रहे हैं तो मैच जिताने वाली अगली बॉलिंग यूनिट कहां है?



