Vistaar NEWS

IND vs ZIM: टीम इंडिया का ‘डेब्यू हब’ बना जिम्बाब्वे, 22 भारतीय खिलाड़ियों ने यहीं खेला अपना पहला T20I मैच

Team India

टीम इंडिया

Indian cricketers T20I debut in Zimbabwe: भारत और जिम्बाब्वे के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज का आगाज 23 जुलाई से होने जा रहा है. इस दौरे की सबसे खास बात यह है कि भारतीय टीम में कई युवा खिलाड़ियों को मौका दिया गया है. पिछले कुछ सालों में जिम्बाब्वे ऐसा देश बन गया है, जहां टीम इंडिया सबसे ज्यादा खिलाड़ियों को टी20 इंटरनेशनल डेब्यू करने का मौका देती रही है. अब तक कुल 22 भारतीय खिलाड़ी जिम्बाब्वे की धरती पर अपना पहला टी20 इंटरनेशनल मैच खेल चुके हैं.

4 दौरों में 22 खिलाड़ियों का डेब्यू

भारतीय टीम अब तक चार बार जिम्बाब्वे दौरे पर जा चुकी है. इस बार यह उनका पांचवां दौरा है. भारत पहली बार साल 2010 में टी20 सीरीज के लिए जिम्बाब्वे दौरे पर गया था. इसके बाद साल 2015, 2016 और 2024 में भी टीम इंडिया टी20 सीरीज के लिए जिम्बाब्वे दौरे पर गई थी. इन 4 दौरों पर भारत के 22 खिलाड़ियों ने अपना टी20 इंटरनेशनल डेब्यू किया.

यह भी पढ़ें: IND vs ZIM: टीम इंडिया को मिला नया हेड कोच, जिम्बाब्वे दौरे पर ये दिग्गज संभालेगा कमान, BCCI ने शेयर किया वीडियो

जिम्बाब्वे दौरे पर T20I में डेब्यू करने वाले भारतीय खिलाड़ी

साल 2010 में जब पहली बार भारतीय टीम टी20 सीरीज के लिए जिम्बाब्वे दौरे पर गई थी तब कुल 4 खिलाड़ियों ने टीम इंडिया के लिए अपना टी20 डेब्यू किया था, जिसमें विराट कोहली, आर अश्विन, नमन ओझा और अमित मिश्रा का नाम शामिल था. इसके बाद 2015 के दौरे में कुल 6 खिलाड़ियों ने डेब्यू किया, जिसमें स्टूअर्ट बिन्नी, केदार जाधव, मनीष पांडे, अक्षर पटेल, संदीप शर्मा और संजू सैमसन ने अपना टी20 इंटरनेशनल डेब्यू किया.

साल 2016 के दौरे में कुल 7 भारतीय खिलाड़ियों ने टी20 डेब्यू किया, जिसमें केएल राहुल, ऋषि धवन, जयदेव उनादकट, मंदीप सिंह, धवल कुलकर्णी, युजवेंद्र चहल और बरिंदर सरां का नाम शामिल रहा. 2024 के दौरे में 5 भारतीय खिलाड़ियों ने टी20 डेब्यू किया, जिसमें अभिषेक शर्मा, रयान पराग, ध्रुव जुरेल, साई सुदर्शन और तुषार देशपांडे का नाम शामिल रहा.

इस बार भी हो सकता है कई खिलाड़ियों का डेब्यू

भारतीय टीम अब पांचवीं बार टी20 सीरीज के लिए जिम्बाब्वे दौरे पर गई है. उम्मीद की जा रही है कि इस बार भी कई भारतीय युवा खिलाड़ियों को टी20 इंटरनेशनल में डेब्यू का मौका मिल सकता है.

Exit mobile version